थाइलैंड में चल रही एशियन चैंपियनशिप में सुंदरनगर के आशीष चौधरी ने 75 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में ईरान के खिलाड़ी 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। आशीष का चयन भारतीय बॉक्सिंग संघ की ओर से पटियाला स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (एनआइएस) में 17 और 18 मार्च को हुआ था।
आशीष हिमाचल के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जो एशियन चैंपियनशिप में पहली बार भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं। आशीष ने कहा कि उन्हें 10 साल की मेहनत के बाद भारतीय टीम का हिस्सा बनने का मौका मिला है। उनकी कामयाबी के पीछे माता-पिता, बहन और कोच का अहम योगदान है।
वर्तमान में आशीष चौधरी मंडी के धर्मपुर में तहसील वेलफेयर ऑफिसर के पद पर हैं। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सुंदरनगर के कोच नरेश कुमार ने इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया है। 75 किलोग्राम भार वर्ग में आशीष कई प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
आर्मी स्पोर्ट्स संस्थान पुणे में हुई 27 अक्तूबर से दो नवंबर तक हुई सीनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में आशीष ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। आशीष ने प्रदेश बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष राजेश भंडारी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र शांडिल, माता-पिता और कोच नरेश वर्मा सहित सभी परिवार के सदस्यों का आभार जताया है।