लेह में हुई दूसरी नार्थ क्यूस्ट लद्दाख चैलेंज 2018 में 250 माउंटेन बाइक राइडर्स (एमटीबी) ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें बेहतरीन प्रदर्शन के लिए इलाइट वर्ग में किरण कुमार रघु ने पहले स्थान पर कब्जा जमाया। देवेंद्र कुमार को दूसरे और पदम बहाबुर को तीसरे स्थान से संतुष्टि करनी पड़ी। विजेताओं को उचित नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एमेच्योर पुरुष वर्ग में थिनलेस दोर्जे ने बाजी मारी। सचिन केआर सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों को एमटीबी और टाइमक्स वाच से नवाजा गया। एमेच्योर महिला वर्ग में सोनम चुसकित ने सबको पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया। रिंचन डोलमा ने दूसरा स्थान हासिल किया। आयोजकों के अनुसार यह विश्व की ऊंचाई क्षेत्र वाली रेस थी।
इस साइकिलिंग दौड़ का विस्डम इवन टू स्पोर्ट्स और साइकिलिंग फेडरेशन आफ इंडिया के मार्गदर्शन में आयोजन किया गया था। इससे पूर्व चीफ एग्जीक्यूटिव काउंसलर, एलएचएचडीसी लेह दोर्जे मुतुप ने शांति सतुपा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन को 2016 में शुरू किया गया था।