मेसी ने किया टीम का दूसरा गोल
इंटर मियामी ने मुकाबले में धमाकेदार शुरुआत की। उसके लिए जोसेफ मार्टिनेज ने तीसरे मिनट में ही गोल कर दिया। इसके 17 मिनट बाद मेसी ने हैरान करने देने वाला गोल दागा। उन्होंने 20वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। उन्होंने करीब 30 मीटर की दूरी से दर्शनीय गोल किया। मेसी के शॉट का मेजर लीग सॉकर में तीन बार सीजन के बेस्ट गोलकीपर चुने जा चुके आंद्रे ब्लैक के पास कोई जवाब नहीं था। वह मेसी को इतनी दूरी से भी गोल करने से नहीं रोक सके।
मेसी के साथी ने किया तीसरा गोल
स्पेन के क्लब बार्सिलोना में लंबे समय तक मेसी के साथ खेलने वाले जॉर्डी अल्बा ने टीम के लिए तीसरा गोल किया। उन्होंने हाफटाइम से ठीक पहले इंजरी टाइम (45+3वें मिनट) में बेहतरीन गोल किया। दूसरे हाफ में फिलाडेल्फिया के अलेंजांद्रो बेडोया ने 73वें मिनट में गोल किया और स्कोर 1-3 कर दिया। 84वें मिनट में इंटर मियामी के डेविड रूईज ने गोल दाग दिया। मियामी की टीम 4-1 से आगे हो गई और यह अंतर मैच के अंत तक बरकरार रहा।