टीम यूरोप लेवर कप के 2022 संस्करण के लिए एक ड्रीम लाइन-अप के साथ तैयार है। मौजूदा विंबलडन चैंपियन नोवाक जोकोविच ने भी टीम यूरोप के साथ जुड़ने का फैसला किया है। ऐसे में वह राफेल नडाल, रोजर फेडरर और एंडी मरे जैसे स्टार्स से सुसज्जित टीम यूरोप के साथ शामिल होंगे। इन चारों को मौजूदा समय का बिग-4 भी कहा जाता है। लेवर कप का पांचवां संस्करण 23 से 25 सितंबर तक खेला जाएगा। यह लंदन के 'द ओ टू एरिना' में आयोजित किया जाएगा।
नोवाक जोकोविच
- फोटो : अमर उजाला
जोकोविच ने हाल ही में विंबलडन जीतकर 21वां ग्रैंडस्लैम अपने नाम किया था। यह जोकोविच का सातवां विंबलडन खिताब भी था। इससे पहले वह 2018 में शिकागो में आयोजित हुए लेवर कप में हिस्सा ले चुके हैं। जोकोविच ने कहा- मैं लेवर कप के लिए फिर से टीम यूरोप में शामिल होने को लेकर उत्साहित हूं। यह एकमात्र टूर्नामेंट है जहां आप उन लोगों के साथ खेलते हैं, जिनके खिलाफ आप आम तौर पर दूसरे टूर्नामेंट में मैच खेल रहे हैं। राफा, रोजर और एंडी मेरे तीन सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी हैं। अब मैं टीम यूरोप में इनके साथ खेलूंगा। यह वास्तव में एक अद्भुत पल है।
राफेल नडाल-नोवाक जोकोविच
- फोटो : ANI
नडाल, फेडरर, जोकोविच और मरे को विश्व टेनिस के बिग फोर के रूप में जाना जाता है। यह चारों खिलाड़ी 21वीं सदी में अब तक टेनिस में हावी रहे हैं। इन चारों ने मिलकर पिछले 76 ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंटों में से 66 जीते हैं। नडाल 22 ग्रैंडस्लैम के साथ सूची में सबसे आगे हैं। इसके बाद जोकोविच (21), फेडरर (20) और मरे (3 ) हैं। 2003 से लेकर अब तक विंबलडन का खिताब इन्हीं चारों में से किसी एक खिलाड़ी ने जीता है। वहीं, इन्हीं चारों में से कोई खिलाड़ी फरवरी 2004 से लेकर फरवरी 2022 के बीच लगातार 18 वर्षों तक एटीपी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर रहा।
नोवाक जोकोविच, राफेल नडाल और रोजर फेडरर
- फोटो : सोशल मीडिया
टीम यूरोप के कप्तान और पूर्व महान खिलाड़ी ब्योर्न बोर्ग ने कहा- मुझे नहीं लगता कि मैं एक टीम में खेल के इन चार आइकनों को एक साथ रखने की कल्पना कर सकता था। मुझे पता है कि वे मेरी तरह इस क्षण के महत्व की सराहना करते हैं और वास्तव में इसके लिए तैयार रहेंगे। हर साल हमारा लक्ष्य जीतना होता है। टीम में राफा, रोजर, एंडी और नोवाक के साथ, मुझे हमारे मौके पसंद हैं।
फेडरर-नडाल
- फोटो : सोशल मीडिया
टीम यूरोप को अभी भी लाइन-अप को पूरा करने के लिए दो नामों का एलान करना है। टीम यूरोप प्राग 2017, शिकागो 2018, जिनेवा 2019 और बोस्टन 2021 में खिताब जीत चुकी है। इस बीच जॉन मैकेनरो की 'टीम वर्ल्ड' की लाइन-अप में कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिम, अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज और अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्ट्जमैन शामिल हैं।