ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल यहां चले रहे हांगकांग बैडमिंटन टूर्नामेंट महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में पहुंच गई है। भारत के ही पी कश्यप भी पुरुष एकल के दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे।
साइना ने इंडोनेशिया की अर्पिला युसवांदरी को 22-20, 21-8 से शिकस्त दी। विश्व की तीसरे नंबर की खिलाड़ी साइना को विपक्षी खिलाड़ी ने पहले सेट में कड़ी टक्कर दी। लेकिन लय में आने के बाद साइना ने दूसरे सेट में युसवांदरी को अपने सामने टिकने नहीं दिया। साइना का अब दूसरे दौर में चीन की क्वालिफयर लिन वांग से मुकाबला होगा जिन्होंने सिंगापुर की जुआन गू को 21-15, 21-19 से हराया।
पुरुषों में पी कश्यप ने एक कड़े मुकाबले में डेनमार्क के जेन जोरजेनसन को 24-20, 20-22, 22-20 से हराया। एक अन्य मैच में भारतीय खिलाड़ी अजय जयराम भी दूसरे दौर में पहुंचने में कामयाब रहे। अजय ने चीन के झेंगमिंग वेंग को 22-20, 23-21 से शिकस्त दी। अब उनके सामने दूसरे दौर में टॉप सीड मलयेशिया के ली चांग वेई की चुनौती रहेगी।
मिक्स्ड डबल्स में प्रनव चोपड़ा और सिकी रेड्डी की जोड़ी भी दूसरे दौर में पहुंची। भारतीय जोड़ी ने अमेरिका के फिलिप च्यू और जेमी सुबांधी की जोड़ी को 21-19, 21-15 से मात दी। लेकिन तरुण कोना और अश्विनी पोनप्पा की मिश्रित युगल जोड़ी टॉप सीड चीनी जोड़ी चेन जू और जिन मा से 30 मिनट में 15-21, 16-21 से हार गई। अक्षय देवाल्कर और प्रदन्या गादरे की जोड़ी भी छठी सीड इंडोनेशिया के फ्रान कुर्नियावान और शैंडी पुष्पा इरावती से 18-21, 2।-23 से हार गई।
अरुण विष्णु और अर्पणा बालन को इंडोनेशिया के रिकी विदियांतो और पुष्पिता रिची दिली से 13-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। पुरुष युगल में तरुण कोना और अरुण विष्णु को इंग्लैंड के क्रिस एडकाक और एंड्रयू एलिस ने 2।-18, 2।-14 से हरा दिया। मनु अत्री और सुमीत रेड्डी को इंडोनेशिया के एल्वेंट यूलिशंतो चंद्रा और मार्किस किडो ने 11-21, 21-11, 21-15 से हरा दिया। लेकिन प्रणव चोपड़ा और अक्षय देवाल्कर ने इंडोनेशिया हफीज फेसल और पुत्रा एक रोमा को 21-16, 21-23, 21-17 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।