खेल मंत्रालय चुनाव को लेकर अब खुले आम इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के खिलाफ उतर आया है। मंत्रालय ने बुधवार को जहां इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) को पत्र लिखकर आईओए चुनाव टालने की मांग की है।
वहीं चुनाव आयोग के नए हेड सेवानिवृत चीफ जस्टिस अनिल देव सिंह की अगुवाई में चुनाव की नई तिथि पांच दिसंबर घोषित कर दी गई है। यही नहीं, मंत्रालय ने दबाव बनाते हुए बुधवार को ही आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया को कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिया है।तीन सदस्यीय चुनाव आयोग ने बैठक में फैसला लिया कि नामांकन की छंटनी का काम 24 नवंबर को होगा। 29 नवंबर तक नाम वापसी हो सकेगी। पांच दिसंबर को दोपहर दो बजे से चुनाव होंगे।
लेकिन इस बीच नाटकीय घटनाक्रम में मंत्रालय के सचिव पीके देब ने आईओसी अध्यक्ष जैक्स रोगे को पत्र लिखकर कहा है कि मंत्रालय किसी तरह आईओए चुनाव में दखलंदाजी नहीं कर रहा है। उसकी आपत्ति सिर्फ आईओए में अच्छे सुशासन की है। इसी को आधार बनाकर भारतीय कोर्ट ने भी आईओए को स्पोर्ट्स कोड अपनाने के निर्देश दिए हैं। जबकि स्पोर्ट्स कोड भी पूरी तरह ओलंपिक चार्टर का पालन करता है।
देब ने लिखा है कि आईओसी के साथ मंत्रालय की पहले भी इस मुद्दे पर बैठक हो चुकी है। उस दौरान आईओए ने आश्वासन दिया था कि वह कोड का पालन करेंगे। लेकिन आईओसी के कहने के बावजूद ऐसा नहीं हुआ है। वह सिर्फ इतना चाहते हैं कि आईओसी एक बार फिर इस मामले में मध्यस्तता करते हुए मंत्रालय व आईओए की बैठक बुलाए। वह उनसे अपील करते हैं कि इस बैठक के बाद ही नए चुनाव कराए जाएं।
दस दिन में जवाब दे आर्चरी एसोसिएशन
स्पोर्ट्स कोड के पालन के लिए मंत्रालय ने दबाव बनाते हुए आज आर्चरी एसोसिएशन को कारण बताओ नोटिस जारी कर दस दिनों के अंदर जवाब देने को कहा है। नोटिस में कहा गया है कि उन्हें पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट मिली है कि चुनाव में कोड के तहत आयु और कार्यकाल के नियमों का पालन नहीं किया गया है। क्यों नहीं इस कार्य के लिए एसोसिएशन की मान्यता भंग कर दी जाए? उल्लेखनीय है कि विजय मल्होत्रा ने यह चुनाव 80 की उम्र में जीता है।