भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा और कोषाध्यक्ष सहदेव यादव के बीच आपसी विवाद चल रहा है। इसी बीच आईओए की गुरुवार को कार्यकारी परिषद की बैठक बुलाई गई है। इसके एजेंडे में सदस्यों ने विवादास्पद मुद्दों को भी शामिल किया है जिसमें पीटी उषा द्वारा उन्हें जारी कथित तौर पर धमकी भरे पत्र का मामला भी शामिल है।
उषा-सहदेव के बीच बढ़ा विवाद
उषा और सहदेव के बीच विवाद इतना बढ़ गया है कि कोषाध्यक्ष ने उषा के खिलाफ उनकी छवि को बदनाम करने के लिए कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है। मालूम हो कि उषा ने पद पर बने रहने की उनकी योग्यता को चुनौती देने वाली शिकायत के आधार पर सहदेव को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। कार्यकारी परिषद द्वारा जोड़े गए 14 बिंदुओं के एजेंडा में अध्यक्ष द्वारा कार्यकारी समिति के सदस्यों को समय-समय पर जारी किए गए अवैध और धमकी भरे पत्रों पर चर्चा शामिल है।
अध्यक्ष से संबंधित दो अन्य मुद्दों के अनुसार परिषद आईओए संविधान के तहत अध्यक्ष की शक्तियों के दायरे पर चर्चा और विचार-विमर्श करेगी तथा अध्यक्ष के आचरण की रिपोर्ट आईओए नैतिकता आयोग को देने की आवश्यकता पर निर्णय लेगी। बैठक के बारे में आधिकारिक संवाद परिषद के 12 सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से जारी किया गया है जिसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय पटेल, उपाध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव, उपाध्यक्ष और पूर्व ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, सदस्य और पूर्व पहलवान योगेश्वर दत्त आदि शामिल हैं। जिन सदस्यों ने इस पर हस्ताक्षर नहीं किए उनमें मुक्केबाज एमसी मेरीकॉम और टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल शामिल हैं जो आईओए खिलाड़ी आयोग में हैं।
पेरिस ओलंपिक में अतिरिक्त खर्चे पर होगी चर्चा
हाल ही में पेरिस ओलंपिक से संबंधित मुद्दे भी बैठक का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे। इनमें ओलंपिक का प्रायोजन विवरण, पेरिस में किए गए अतिरिक्त खर्चे शामिल हैं जिसमें आईओए के कथित खर्चे पर अध्यक्ष के कमरे को अपग्रेड करना भी शामिल है। एक अन्य चर्चा नवंबर 2022 में उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (एसओएम) के चयन के लिए अपनाई गई प्रक्रिया और निर्वाचित पदों के लिए आईओए के चुनाव में उनकी भागीदारी से संबंधित होगी। खिलाड़ी आयोग ने उस समय आठ एसओएम चुने थे जिनमें उषा, योगेश्वर दत्त, एमएम सोमाया (हॉकी), रोहित राजपाल (टेनिस), अखिल कुमार (मुक्केबाजी), शुमा सिरुर (निशानेबाजी), अपर्णा पोपट (बैडमिंटन) और डोला बनर्जी (तीरंदाजी) शामिल थे।