प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीटी ऊषा
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की नई अध्यक्ष पीटी ऊषा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शुक्रवार (16 दिसंबर) को मुलाकात की। पीटी ऊषा ने अपने ट्विटर हैंडल पर पीएम मोदी के साथ दो तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने लिखा- माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से आज उनके कार्यालय में मिलकर और बातचीत करके खुशी हुई। उनके नेतृत्व और राष्ट्र सेवा से बहुत कुछ सीखती हूं।
पीटी ऊषा को भारतीय ओलंपिक संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला और ओलंपियन हैं। 1960 के बाद पहली बार कोई खिलाड़ी आईओए का अध्यक्ष बना है। महाराजा यादविंदर सिंह (1938-1960) पिछले ऐसे अध्यक्ष थे जो खिलाड़ी रह चुके थे। चुनाव उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त किए गए उसके पूर्व जज नागेश्वर राव की देखरेख में चुनाव संपन्न हुए थे।
पीटी ऊषा के अध्यक्ष चुने जाने से आईओए में गुटीय राजनीति के कारण पैदा हुआ संकट भी समाप्त हो गया। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने इस महीने चुनाव नहीं कराने की दशा में आईओए को निलंबित करने की चेतावनी दी थी।
पीटी ऊषा राज्यसभा में सांसद भी हैं। हाल ही में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उनकी तारीफ की थी। धनखड़ ने पीटी उषा की सराहना करते हुए कहा था, "उनका योगदान प्रेरणादायक है। मैं 10 दिसंबर, 2022 को भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला और ओलंपियन बनने पर इस हाउस (राज्य सभा) की एक प्रतिष्ठित सदस्य श्रीमती पी.टी. ऊषा जी को बधाई देता हूं। उन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है।''