सात्विक साईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी अपार घरेलू समर्थन के बावजूद इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब नहीं जीत सके। नई दिल्ली में विश्व चैंपियन और तीसरी वरीय कोरियाई जोड़ी कांग मिन ह्यूक और सियो सियोंग जेई के हाथों भारतीय जोड़ी को तीन गेमों के संघर्ष में 21-15, 11-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला एक घंटा चार मिनट तक चला। 2022 में यहां खिताब जीतने वाले दूसरे वरीय सात्विक और चिराग को इस वर्ष लगातार दूसरे टूर्नामेंट के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले उन्हें मलयेशिया ओपन सुपर 1000 के फाइनल में पराजय मिली थी।
पहला गेम आसानी से जीती भारतीय जोड़ी
कांग मिन और सिंयोंग जेई की जोड़ी ने अब तक इस टूर्नामेंट में एक भी गेम नहीं हारा था, लेकिन फाइनल में सात्विक और चिराग ने उनके खिलाफ पहला गेम आसानी से 21-15 से जीत लिया। पहले गेम जीतने के बाद लगा कि सात्विक-चिराग यहां खिताबी जीत हासिल कर सकते हैं, लेकिन कोरियाई जोड़ी ने दूसरे गेम में जबरदस्त वापसी की। उन्होंने गेम ब्रेक के दौरान 11-5 की बढ़त बना ली, जिसे उन्होंने अंत तक बरकरार रखा और 21-11 से यह गेम अपने नाम किया।
तीसरे गेम में शुरू से बढ़त पर रही कोरियाई जोड़ी
तीसरे और निर्णायक गेम में भी कोरियाई जोड़ी ने सधी शुरुआत करते हुए ब्रेक के दौरान 11-6 की बढ़त बनाई। इसके बाद सात्विक-चिराग ने संघर्ष किया। वे तीन बार गेम में 16-15, 17-16 और 19-18 के स्कोर तक पहुंचे, लेकिन यहां कोरियाई जोड़ी के जबरदस्त तालमेल ने भारतीय जोड़ी को मौका नहीं दिया। 21-18 से गेम जीतकर कोरियाई जोड़ी ने चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। यह गेम 31 मिनट तक चला।
ताई जू यिंग और शी यूकी बनें एकल चैंपियन
इस सत्र के बाद बैडमिंटन को अलविदा कहने जा रहीं ताइवान की ताई जू यिंग ने पहली बार इंडिया ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने फाइनल में चीन की चेन यू फेई को 21-16, 21-12 से पराजित किया। इन्हीं दोनों शटलरों के बीच टोक्यो ओलंपिक का फाइनल भी खेला गया था, लेकिन जब चेन यू फेई ने जीत हासिल की थी। रविवार को चेन के पास ताई जू यिंग के क्रास कोर्ट स्मैश और उनके टे्रडमार्क ड्रॉप शॉट्स का कोई जवाब नहीं था। वहीं पुरुष एकल के फाइनल में चीन के शी यूकी ने हांगकांग के ली श्यूक यी के स्वप्निल सफर को थामते हुए 23-21, 21-17 से जीत हासिल की। शी यूकी ने दूसरी बार इंडिया ओपन का खिताब अपने नाम किया।
मात्सुमोतो और नागाहारा ने जीता महिला युगल खिताब
महिला युगल के फाइनल में जापान की मायु मात्सुमोतो और वकाना नागाहारा ने विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता चीन की जोड़ी झांग शू जियान और झेंग यू को 21-12, 21-13 से हराकर खिताब जीता। मिश्रित युगल के फाइनल में थाईलैंड की जोड़ी देचापोल पुआवारानुक्रोह और सैप्सिरी तेरातनाचाई ने विश्व नंबर पांच चीनी जोड़ी जियान झेन बांग और वेई या जिन को 21-16, 21-16 से हराकर खिताब जीता। ताई जू यिंग ने खिताब जीतने के बाद कहा कि वह फाइनल से पहले नर्वस थीं, लेकिन खेल के दौरान उन्हें दर्शकों से मिले जबरदस्त समर्थन ने उन्हें अच्छे खेल के लिए प्रेरित किया। वह पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने के लिए प्रयास करेंगी। वह जानती हैं कि यह कठिन है, लेकिन वह इसके लिए संघर्ष करेंगी।