फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games: एशियाड से पहले भारत और ईरान की महिला कबड्डी टीम ने साथ में की ट्रेनिंग, खेले कई अभ्यास मैच

Thu, 20 Aug 2026 04:37 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सोनीपत

सार

अगले महीने एशियाई खेलों का आयोजन होना है और इससे पहले भारत की महिला कबड्डी टीम ने ईरान की महिला टीम के साथ अभ्यास किया है। दोनों टीमों ने साई सोनीपत में कई अभ्यास मैच खेले।
विज्ञापन
ईरान महिला कबड्डी टीम के साथ अभ्यास करती भारतीय टीम - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ईरान की महिला कबड्डी टीम ने आगामी एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सोनीपत सेंटर में भारतीय टीम के साथ कई अभ्यास मैच खेले। छह दिन के इस अभ्यास कैंप का मकसद दोनों देशों के लिए एक-दूसरे से सीखने का मौका देना था, ताकि वे आइची-नागोया में होने वाले खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर सकें। ईरानी टीम 13 अगस्त को सोनीपत पहुंची और साई कैंपस में भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ-साथ स्थानीय टीमों के खिलाफ भी अभ्यास मैच खेले।
विज्ञापन
Trending Videos

ईरान को एशियाड के लिए तैयार करना था मकसद
इन अभ्यास मैचों का मुख्य मकसद ईरान को एशियाई खेलों के लिए तैयार करना था, लेकिन इससे भारतीय खिलाड़ियों को भी एक अंतरराष्ट्रीय टीम के खिलाफ खुद को परखने और अलग-अलग खेलने के तरीकों और रणनीतियों का अनुभव हासिल करने का मौका मिला। ईरान की महिला टीम के मुख्य कोच घोलमरेजा मजंदरानी ने कहा कि यह कैंप उनकी युवा टीम के लिए बहुत फायदेमंद रहा, क्योंकि पिछले एशियाई खेलों के बाद से टीम में 80 प्रतिशत से ज्यादा बदलाव हुए हैं।

मजंदरानी ने कहा, हमारे लिए फ्रेंडली मैच खेलने, खिलाड़ियों को बेहतर बनाने और अपनी टीम की रणनीतियों को सुधारने का यह बहुत अच्छा मौका है। हम एशियन गेम्स में एक बेहतर टीम के तौर पर उतरना चाहते हैं। हमारी टीम के लिए यह एक अच्छा अनुभव रहा है, क्योंकि हमारी टीम अभी बहुत युवा है और हमने पिछले एशियन गेम्स के बाद से शायद 80 प्रतिशत से ज्यादा टीम बदल दी है।

ईरान टीम के कोच ने सराहा
मजंदरानी ने आगे कहा कि भारत के कबड्डी इकोसिस्टम की गहराई भारतीय खिलाड़ियों को बहुत बड़ा फायदा देती है, क्योंकि उन्हें साल भर अपने ईरानी साथियों की तुलना में कहीं अधिक प्रतिस्पर्धी मैच खेलने को मिलते हैं। उन्होंने कहा, ईरान में हमारे पास पुरुष और महिला मिलाकर लगभग 3,000 से 4,000 कबड्डी खिलाड़ी हैं। हालांकि, यहां मुझे लगता है कि उसके मुकाबले यहां कई गुना आपके पास शायद एक करोड़ से ज्यादा कबड्डी खिलाड़ी हैं। यह बहुत बड़ी संख्या है। भारत में एक कबड्डी खिलाड़ी, चाहे वह किशोर हो, जूनियर हो या सीनियर, शायद साल में 50-60 से अधिक मैच खेलता है। यह उनके लिए एक बड़ी बात है। वे मैचों के दौरान अपने कौशल को बेहतर बना सकते हैं।
विज्ञापन

भारतीय कोच बोले- फायदेमंद साबित होगा अनुभव
भारतीय महिला कबड्डी टीम के कोच नवीन कुमार ने कहा कि ईरान के खिलाफ अभ्यास मैच खेलने का अनुभव लड़कियों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा। भारतीय कोच ने कहा, हमारी ज्यादातर नई खिलाड़ी जूनियर लेवल की हैं और उन्हें ईरानी टीम के खिलाफ खेलकर बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। उन्हें यह समझने का मौका मिला कि ईरान कैसे खेलता है और इससे हमें यह भी अंदाजा हुआ कि हमारी युवा टीम को भविष्य के लिए कैसे तैयारी करनी चाहिए। मैच बहुत अच्छे रहे और हम इस अनुभव से बहुत खुश हैं।

उन्होंने आगे कहा, ईरानी टीम में ऐसी खिलाड़ी भी थीं, जिन्होंने तीन एशियन गेम्स में हिस्सा लिया है, इसलिए उनके पास बहुत अनुभव है। उनकी फिटनेस, ताकत और जबरदस्त पावर बहुत अच्छी है, और हमारे युवा खिलाड़ी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं। जिस लगन और ऊर्जा के साथ ये खिलाड़ी खेलते हैं, उससे भी हमारे युवा खिलाड़ी सीख सकते हैं। कुल मिलाकर यह हमारी टीम के लिए बहुत उपयोगी अनुभव था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें