फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lausanne Diamond League: नीरज चोपड़ा की नजरें डायमंड लीग फाइनल में जगह बनाने पर, पथिरागे की होगी चुनौती

Thu, 20 Aug 2026 03:59 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लुसाने

सार

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा एशियाई खेलों से पहले लुसाने डायमंड लीग में चुनौती पेश करेंगे। नीरज के सामने हालांकि, चुनौती आसान नहीं होगी क्योंकि रमेश पथिरागे भी इसमें शामिल होंगे।
विज्ञापन
नीरज चोपड़ा - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के अनुभवी भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा और श्रीलंका के उभरते सितारे रमेश पथिरागे शुक्रवार को लुसाने डायमंड लीग में फिर से आमने सामने होंगे। इस दौरान नीरज की नजरें डायमंड लीग फाइनल में जगह बनाने पर होंगी। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पथिरागे ने स्वर्ण और नीरज ने रजत पदक जीता था। इसके तीन सप्ताह बाद ये दोनों खिलाड़ी फिर से एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेंगे।
विज्ञापन
Trending Videos

शानदार फॉर्म में हैं पथिरागे
23 वर्षीय पथिरागे इस सत्र में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। उन्होंने दोहा और रोम डायमंड लीग में जीत हासिल करने के अलावा ग्लास्गो में 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक भी जीता है। जून में रोम में 92.62 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ उन्होंने 90 मीटर का प्रतिष्ठित आंकड़ा भी पार किया। श्रीलंकाई खिलाड़ी ने इस सत्र में अब तक जिन नौ प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, उनमें से आठ में जीत हासिल की है। वह पहले ही डायमंड लीग फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।

चोट से परेशान चल रहे हैं नीरज
दूसरी तरफ नीरज पिछले साल सितंबर से पीठ के निचले हिस्से की चोट से परेशान रहे हैं। इसके कारण उनकी वापसी दोहा में आयोजित डायमंड लीग तक टल गई थी। ग्लास्गो में वह पूरी तरह से फिट नहीं थे, लेकिन फिर भी 85.83 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे। इस 28 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने राष्ट्रमंडल खेलों के बाद कहा था, मैं यह नहीं कह सकता कि मेरी फिटनेस पहले जैसी है। लेकिन मैं धीरे-धीरे उसे हासिल करने की तरफ बढ़ रहा हूं।

राष्ट्रमंडल खेलों के बाद नीरज स्विट्जरलैंड के बील चले गए थे, जहां वह अपने बचपन के कोच जयवीर चौधरी और फिजियो ईशान मारवाह के साथ अभ्यास कर रहे थे। मौजूदा विश्व चैंपियन अरशद नदीम और जर्मनी के यूरोपीय चैंपियन जूलियन वेबर के हटने से लुसाने डायमंड लीग की चमक कुछ फीकी पड़ गई है। नदीम 2024 के ओलंपिक में 92.97 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने के बाद से संघर्ष कर रहे हैं। इस सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 78.63 मीटर रहा है। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में 77.41 मीटर के साथ नौवां स्थान हासिल किया था। वेबर ने बर्मिंघम में यूरोपीय चैंपियनशिप में 90.40 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता था।
विज्ञापन

नीरज के लिए अहम है लुसाने चरण 
त्रिनिदाद और टोबैगो के मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकॉट और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स की मौजूदगी के कारण अब भी मुकाबला कड़ा है। अमेरिका के विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता कर्टिस थॉम्पसन और चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज भी इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले नौ खिलाड़ियों में शामिल हैं। नीरज के लिए सत्र के आखिर में होने वाले डायमंड लीग फाइनल की रैंकिंग में ऊपर पहुंचने के लिए लुसाने में होने वाली प्रतियोगिता महत्वपूर्ण है। वह फिलहाल छह अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं। रैंकिंग में शीर्ष छह खिलाड़ी चार और पांच सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भाग लेंगे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें