तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता की ओर से चेन्नई में एशियाई एथलेटिक चैंपियनशिप की मेजबानी से इंकार के बाद इस चैंपियनशिप के भारत में आयोजन पर सवाल ख्रड़ा हो गया है। हालांकि एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया चैंपियनशिप भारत में ही रखने के लिए एशियाई एथलेटिक एसोसिएशन (एएए) को मनाएगा।
चैंपियनशिप की मेजबानी से इंकार सीधे तौर पर ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन है। आईओए पर पहले ही ओलंपिक चार्टर के उल्लंघन को लेकर प्रतिबंध लगा है। यह मामला और खिलाफ जा सकता है। सच्चाई यह है कि 24 सालों बाद भारत में होने जा रही इस चैंपियनशिप की मेजबानी केलिए तमिलनाडु सरकार ने सारे खर्च का जिम्मा उठाने की हामी भरी थी।
चैंपियनशिप के लिए स्टेडियम में भी काफी खर्च किया गया है। अब इतनी जल्दी दूसरे वेन्यू पर आयोजन कराना एएफआई के लिए टेढ़ी खीर होगा। एएफआई के अध्यक्ष आदिल सुमारीवाला का कहना है कि वह एएए से चैंपियनशिप भारत में ही किसी दूसरे स्थान पर आयोजित करने की अपील करेंगे। लेकिन यह एएए पर ही निर्भर करेगा कि वह आयोजन स्थल बदलने पर राजी होते हैं या नहीं। अचानक मेजबानी से हाथ खिंचने पर सुरेश कलमाडी की अगुआई वाली एएए एएफआई को दंडित भी कर सकती है।