पहले ही खिताबी मुकाबले में जगह बना चुकी भारतीय हॉकी टीम को सुल्तान जोहोर कप के आखिरी लीग मैच में ब्रिटेन के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम की यह टूर्नामेंट के पांच मैचों में पहली हार है। टीम 12 अंक लेकर फाइनल में प्रवेश कर चुकी है।
ब्रिटेन दूसरे स्थान पर है जिसके पांच मैचों में 10 अंक हैं। फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा। मनदीप मोर की कप्तानी में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक शुरुआत की और पांचवें मिनट में दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए। विष्णुकांत सिंह ने दूसरे प्रयास में गोल दागा। अगले मिनट ब्रिटेन के लिए कैमरून गोल्डन ने बराबरी का गोल कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा रहा और शिलानंद लाकड़ा ने 20वें मिनट में गोल कर भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में ब्रिटेन ने दबाव बनाना शुरू किया। भारत ने दो पेनाल्टी कॉर्नर गंवाए। स्टुअर्ट रूशमेरे ने 39वें मिनट में ब्रिटेन को बराबरी दिला दी। ब्रिटेन ने 51वें मिनट में कप्तान एडवर्ड के गोल के दम पर बढ़त बनाई और भारत को बराबरी का गोल नहीं करने दिया।