पिछले मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम 26वें सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के अपने तीसरे राउंड रॉबिन मैच में मंगलवार को मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।
विश्व की छठी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने अपना पहला मैच ग्रेट ब्रिटेन से 2-2 से ड्रॉ खेला था जबकि दूसरे मैच में शानदार वापसी करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड को 3-0 से पराजित किया था। न्यूजीलैंड ने अपने पहले मैच में विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलियाई टीम को 1-1 से ड्रॉ पर रोका था।
ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को मेजबान मलयेशिया को 6-1 से हराया। छह देशों के टूर्नामेंट में सबसे ऊंची रैंकिंग वाली दो टीमों भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच का मैच लीग चरण का सबसे अहम मैच माना जा रहा है। पिछली बार की उप विजेता भारतीय टीम के कोच रोलेंट ओल्टमैंस का कहना है कि हम लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। इपोह आने से पहले हमारा मकसद यही था। हम अच्छे नतीजे चाहते हैं।’
पहले मैच में गोल करने के मौके नहीं बना पाने के लिए स्ट्राइकरों को आड़े हाथों लेने के बाद कोच ने दूसरे मैच में उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेरे लिए सबसे जरूरी फॉरवर्ड और मिडफील्ड का तालमेल है।