मलेशिया के इपोह में खेले जा रहे 26वें अजलन शाह हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को भारतीय टीम को कड़ी हार का सामना करना पड़ा है। विश्व चैंपियंन ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 1 के मुकाबले 3 गोल से मात दी।पिछले बार की फाइनलिस्ट भारत की इस बार प्रतियोगिता में पहली हार है। भारत ने ब्रिटेन के साथ ड्रॉ खेलकर अपने मिशन का आगाज किया था। इसके बाद दूसरे मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 3-0 से मात दी थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में गोल दागने की शुरुआत टीम इंडिया ने की। मैच के 26वें मिनट में हरमनप्रीत ने गोल कर टीम इंडिया को 1-0 से बढ़त दिला दी। लेकिन भारत इस बढ़त को ज्यादा वक्त कायम नहीं रख सका। 30वें मिनट इडी ओकेनडेन ने गोल कर में ऑस्ट्रेलिया को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके चार मिनट बाद 34वें मिनट में टॉम क्रेग ने गोल कर कंगारुओं को बढ़त दिला दी। भारतीय टीम की बराबरी की कोशिशें नकाम रहीं। इसी दौरान 51 मिनट में टॉम विकहैम ने तीसरा गोल दागकर ऑस्ट्रेलिया को निर्णायक बढ़त दिला दी।
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया के 3 मैचों में 6 अंक हो गए हैं और वह तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। तीन मैचों में भारत के चार अंक हैं। भारत ने तीन मैचों में एक जीत, एक हार और एक ड्रॉ खेला है। भारत को अपने अंतिम दो मुकाबले जापान और मलेशिया से खेलने हैं।