सुल्तान अजलान शाह हॉकी कप में आज भारत का मुकाबला गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से है। इस मुकाबले में भरोसे के लिए पिछले मैच में शानदार जीत में अहम रोल अदा कर सकती है। तीसरे राउंड रॉबिन मैच में मंगलवार को जीत दर्ज करने के लिए उसे अपना प्रदर्शन ग्राफ बेहतर करना होगा।
पहले मैच में ब्रिटेन से 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद भारत ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया। कीवी टीम ने अपने पहले मैच में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 1-1 से ड्रॉ पर रोका था। ऑस्ट्रेलिया ने रविवार के मैच में मेजबान मलेशिया को 6-1 से मात देकर अपनी बादशाहत फिर साबित की।
छह देशों के टूर्नामेंट में सबसे ऊपर रैंकिंग वाली दो टीमों भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच का मैच लीग चरण का सबसे अहम मुकाबला माना जा रहा है।
भारत के कोच रोलेंट ओल्टमंस ने कहा कि टीम अच्छा खेल दिका रही है और अब ज्यादा बेहतर करना चाहती है। टीम को अच्छे नतीजों की दरकार है। उन्होंने दूसरे मैच में उनके प्रदर्शन की सराहना की।
पिछले उपविजेता भारत ने पांच बार खिताब जीता है जिसमें से पिछली बार 2010 में खिताब अपने नाम किया था। तब भारत और दक्षिण कोरिया को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।