एक स्थानीय संगठन द्वारा शाहरुख खान के चेहरे पर स्याही फेंकने की धमकी दिये जाने के बाद यहां हॉकी विश्व कप के दौरान उनकी प्रस्तावित यात्रा की सुरक्षा के चाक चौबंद उपाय किए गए हैं। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त अनूप साहू ने कहा, 'हम हॉकी विश्व कप के दौरान शाहरुख खान की सुरक्षा के पूरे उपाय करेंगे । अभी तक हमें उनकी यात्रा का कार्यक्रम नहीं मिला है।'
शाहरुख को कलिंगा स्टेडियम पर 27 नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह के लिये यहां आना है। कलिंगा सेना ने 17 बरस पहले अशोका फिल्म में उन पर ओडिशा के अपमान का आरोप लगाकर उनके चेहरे पर स्याही फेंकने और काले झंडे दिखाने की धमकी दी है।