नए चीफ कोच हरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में भारत की 18 सदस्यीय टीम ब्रेडा (नीदरलैंड) में 23 जून से शुरू हो रहे आखिरी पुरुष हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट के लिए बेंगलुरू में जमकर पसीना बहा रही है। ब्रेडा में भारत, ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना,मौजूदा विश्व कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, दुनिया की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम, मेजबान नीदरलैंड और पाकिस्तान की टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए खिताब की होड़ में होगी। अभी भारत टीम के ब्रेडा रवाना होने में करीब डेढ़ हफ्ता बाकी है।
भारत के कप्तान गोलरक्षक पीआर श्रीजेश ने कहा, 'ब्रेडा चैंपियंस ट्रॉफी हमारे लिए नवंबर-दिसंबर में भुवनेश्वर में होने वाले ओडिशा पुरुष हॉकी विश्व कप से पहले यह जानने और आंकने का सबसे बढिया मौका है कि हम दुनिया की टॉप टीमों के खिलाफ कहां खड़े हैं। हमारी टीम युवा और अनुभवी खिलाडिय़ों की मिली जुली एक संतुलित टीम है। यदि हमने अपना बेहतरीन खेल दिखाया और राष्ट्रमंडल खेलों की सी बेकूफाना गलतियां न दोहराई और गोल करने के मौके न गंवाएं तो हमारी टीम के पास चैंपियंस ट्रॉफी में शीर्ष स्थान पाने का दम है। शिविर में हमने डी के भीतर फॉरवर्ड के सही जगह पर होने पर तवज्जो दी है। चीफ कोच हरेन्द्र सर ने फॉरवर्ड के डी में सही जगह पर खड़े होने के लिए चार्ट बनाया है बल्कि उन्हें इस बाबत विस्तार से भी बताया है। चीफ कोच ने फॉरवर्ड को सही जगह पर खड़े होकर गोल करने के मौकों को भुनाने की बाबत गुरुमंत्र दिया है। दरअसल राष्ट्रमंडल खेलों में हमारे फॉरवर्ड ने अहम मौके पर डी में सही जगह न रह कर गोल करने के मौके गंवाए थे।’
चीफ कोच हरेन्द्र ने बनाया है 20 सूत्रीय एजेंडा : चिंगलेनसाना
भारत के उपकप्तान चिंगलेनसाना सिंह ने कहा, 'हमारी टीम राष्ट्रमंडल खेलों के ढीले प्रदर्शन को भुला कर अब आगे बढ़ चुकी है। शिविर में हमारा जोर मैदान पर संवाद और टीम में फिर से यह भरोसा पैदा करने पर है कि हम सुनहरा तमगा जीतने का दम रखते है। हमारी टीम के लिए मनोवैज्ञानिक सत्र हमें खुद को टीम के लक्ष्य की बाबत विश्वास दिलाने के लिए अहम है। हमारे चीफ कोच हरेन्द्र 20 सूत्रीय एजेंडा बनाया है । हम टूर्नामेंट से पहले अपने लक्ष्य को याद रखने के लिए इस एजेंडे को पढ़ते हैं।’