चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में पाकिस्तान ने भारत को 2-3 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा कर लिया। बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने जोरदार खेल का प्रदर्शन किया लेकिन आखिरकार पाक टीम को जीत मिली। वाइल्ड कार्ड से चैंपियंस ट्रॉफी का टिकट पाने वाले भारत ने वी रघुनाथ के सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से बढ़त बनाई लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने दनादन तीन गोल करते हुए भारत की उम्मीदों पर पानी पेर दिया।
भारत के लिए दूसरा गोल रूपिंदर पाल सिंह ने मैच के 70वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान जूनियर ने 22वें, शफकत रसूल ने 41वें और मोहम्मद अतीक ने 66वें मिनट में गोल किए। हाफ टाइम तक दोनों टीमें ।-। से बराबरी पर थी। पाकिस्तान ने 2004 के बाद पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी में पदक जीता है। टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्राफी में एकमात्र कांस्य पदक 1982 में जीता था।