भरोसेमंद फुलबैक बीरेन्द्र लाकड़ा के हॉकी विश्व कप के लिए फिट होने के साथ भारत के चीफ कोच हरेन्द्र सिंह का भरोसा रंग लाया। बीरेन्द्र लाकड़ा ने यहां दक्षिण अफ्रीका और ओलंपिक रजत पदक विजेता बेल्जियम के खिलाफ फुलबैक के रूप में किले की मजबूत चौकसी की।
लाकड़ा प्रतिद्वंद्वी फॉरवर्ड से गेंद छीनने के साथ ड्रिबल कर जवाबी हमले बनाने में भी कामयाब रहे। बीरेन्द्र लाकड़ा ने ‘अमर उजाला’ से कहा, ‘मैं चोट के कारण रियो ओलंपिक में नहीं खेल पाया था। एशियाई खेलों के सेमीफाइनल के दौरान घुटने में चोट नहीं बल्कि खिंचाव के कारण हॉकी से कुछ समय दूर रहना पड़ा। इस विश्व कप के लिए पूरी तरह फिट होने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। चीफ कोच हरेन्द्र सर के भरोसे के कारण ही लगातार दूसरे विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह बना पाया। हमारा पहला लक्ष्य विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने का है और हमारी टीम इसे पाने का दम रखती है। हमें यहां अपने घर में कामयाब होने के लिए हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। सिमरनजीत सिंह, नीलकांत शर्मा, वरुण कुमार, हार्दिक सिंह और दिलप्रीत सरीखे सभी युवा तुर्कों ने दमदार खेल से बहुत उम्मीदें जगाई हैं। हम एक समय केवल एक मैच की बाबत सोच रहेे हैं। हर दिन नया है और चुनौतीपूर्ण भी।’
उन्होंने कहा, ‘विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में दिन विशेष टीम का प्रदर्शन ज्यादा अहम है। यहां अब तक के मैचों से यह बात तो साफ हो गई है कि इसमें रैंकिंग बहुत मायने नहीं रखती है। हर टीम इस विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ तैयारी और सर्वश्रेष्ठ करने की तमन्ना लिए आई है। हम भी अपने घर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को कृतसंकल्प हैं। हमारा अगला मैच अब 8 दिसंबर को कनाडा के खिलाफ है। इससे हमारी टीम को खुद को तरोताजा रख पूरी तरह तैयार होकर खेलने का मौका मिलेगा।