भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 2018 यूथ ओलंपिक के हॉकी फाइव साइड हॉकी स्पर्धा में पोलैंड को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। लालरेमसियामी (10वें मिनट), कप्तान सलीमा टेटे (14वें मिनट) और बलजीत कौर (14वें मिनट) ने भारत की तरफ से गोल दागे।
क्वार्टरफाइनल मैच के पहले पीरियड में पोलैंड ने दूसरे मिनट में गोल का मौका बनाया, लेकिन भारतीय गोलकीपर बिचु खरीबम ने अच्छा बचाव किया। इसी मिनट में भारत की मुमताज खान ने गोल का मौका बनाया, लेकिन वह पोलैंड की रक्षापंक्ति को भेदने में कामयाब नहीं हो सकी।
दोनों ही टीमों ने लय हासिल करने का भरपूर प्रयास किया। इसमें सफलता भारत के हाथ लगी जब 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने शानदार गोल किया। इस गोल के साथ ही भारत ने स्कोर 1-0 से अपने पक्ष में किया। दूसरे पीरियड में पोलैंड ने अपने हमले तेज किए क्योंकि उसे भारत के स्कोर की बराबरी करना थी। वहीं भारत की कोशिश मैच को जीतकर सेमीफाइनल का स्थान पक्का करने की थी।
दूसरे पीरियड में भारत को कप्तान सलीमा टेटे ने सफलता दिलाई। मैच के 14वें मिनट में सलीमा ने शानदार गोल किया। मैच अभी 54 सेकंड ही आगे बढ़ा था कि बलजीत कौर ने शानदार गोल करके बढ़त 3-0 कर दी। यही मैच का निर्णायक स्कोर भी रहा और पोलैंड की टीम विरोधी डिफेंस को भेदने में एक बार भी कामयाब नहीं हुई।