भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को फाइव साइड हॉकी के पूल एक के अपने आखिरी मैच में 17 मिनट के भीतर पांच गोल दागकर दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से हराकर यूथ ओलंपिक खेलों के क्वार्टर में प्रवेश कर लिया।
भारतीय टीम अपने पूल में 12 अंकों के साथ अर्जेंटीना के बाद दूसरे स्थान पर रही। भारत की ओर से मुमतात खान (दूसरे व 17वें मिनट), रीत (10वें मिनट), लालरेसमी (12वें) और इशिका चौधरी (13वें मिनट) ने गोल किए। दक्षिण अफ्रीका के लिए काइला डि वाल ने 10वें और एंजेला वेल्हैम ने 19वीं मिनट में एक-एक गोल किया। भारत ने अपने पांच में से चार मैच जीते।