सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में शुरुआती दोनों मैच गंवा चुकी भारतीय टीम मंगलवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ हार की हैट्रिक टालने के इरादे से उतरेगी। भारत टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया से 3-4 से जबकि दक्षिण कोरिया के हाथों 1-2 से हारकर छह टीमों में फिलहाल बिना कोई अंक के सबसे नीचे है।
यदि भारत इस मैच में भी हार जाता है तो उसका फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं भी खत्म हो जाएंगी। हालांकि भारत ने पिछले साल टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 2-1 से हराया था। इस साल भी दोहा में हुई एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने लीग मैच में पाकिस्तान को 2-1 से हराया, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे 4-5 से हार का सामना करना पड़ा था।
पांच बार का चैंपियन भारत टूर्नामेंट में अपने कुछ सीनियर खिलाड़ियों के बिना खेलने यहां आया है। हालांकि उसके युवा खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे उतरते नहीं दिखाई दे रहे हैं जबकि उम्मीद थी कि हॉकी इंडिया लीग से मिले शानदार एक्सपोजर का फायदा इन खिलाड़ियों को मिलेगा।