भारत ने 20 मिनट बाद पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत सिंह के शाट का पोलैंड के गोलकीपर ने अच्छा बचाव किया। भारत को अगले ही मिनट एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार मनप्रीत ने रिबाउंड पर गोल कर दिया। अमित रोहिदास के प्रयास को पाकानोवस्की ने रोक दिया था।
पोलैंड ने 25वें मिनट में डिफेंस की कमी का फायदा उठाकर गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर भारत को चौंका दिया। मगर पोलैंड की खुशी थोड़ी देर ही रह सकी और भारत ने मनप्रीत के दूसरे गोल से बढ़त हासिल कर ली।
तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट में भारत ने हरमनप्रीत के पेनल्टी से किये गोल पर बढ़त 3-1 कर ली जो निर्णायक रही। अब भारत 10 जून को अंतिम लीग मैच में उज्बेकिस्तान से भिड़ेगा जबकि पोलैंड की भिड़ंत रविवार को रूस से होगी।