जहां एक तरफ भारतीय सेना उरी में हुए आतंकी हमले में मारे गए 18 जवानों की शहादत का बदला लेने में जुटी है तो वहीं खेल के मैदान में भी भारत पाकिस्तान को शिकस्त दे रहा है। बांग्लादेश के ढाका में खेले जा रहे अंडर-18 हॉकी एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए बेहद ही रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से करारी शिकस्त दी है।
मैन ऑफ द मैच चुने गए भारत के मिडफील्डर कुंवरदिलराज सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत के लिए शिवम आनंद ने सांतवें मिनट में, दिलप्रीत सिंह ने 32वें मिनट में और कप्तान नीलम संजीव जेस ने 46वें मिनट में एक-एक गोल किए वहीं, पाकिस्तान के लिए अमजद अली खान ने 63वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
अपने शुरूआती मुकाबले में भारत को मेजबान बांग्लादेश से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा और टीम 4-5 से हार गयी थी, लेकिन भारतीय टीम ने इस हार से उबरते हुए ओमान को 11-0 से हराकर जीत का आगाज किया था।
भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रर्दशन किया है। भारत ने साल 2001 में खिताब जीता था जबकि 2009 में वह पांचवें स्थान पर रहा था वहीं पाकिस्तान भी दो बार टूर्नामेंट में सफल रह चुका है, उसने 2009 में ट्रॉफी जीती थी जबकि 2011 में कांस्य पदक अपने नाम किया था।