भारत ए महिला हॉकी टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करते हुए रविवार को फ्रांस को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने चार मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।
वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच में भारत ए की ओर से मारिआना कुजुर (19वें मिनट), लालरेमसियामी (30वें मिनट) और मुमताज खान (34वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। मेहमान टीम को मिखेला लाहलाह ने 14वें मिनट में ही गोल दागकर बढ़त दिला दी थी। उसके लिए दूसरा गोल खेल खत्म होने से दो मिनट पहले गुस्जे वान (58वें मिनट) ने किया।
पहले मैच में शिकस्त खाने वाली मेजबान टीम ने शानदार वापसी की। हलांकि सलमा टेटे की अगुआई वाली भारतीय टीम जैसी शुरुआत चाहती थी वह उसे नहीं मिली। लाहलाह ने पहला क्वार्टर खत्म होने से एक मिनट पहले गोल कर फ्रांस को बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए 11 मिनट के भीतर दो गोल दाग दिए। तीसरे क्वार्टर के चौथे ही मिनट में मुमताज ने शानदार मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। हालांकि इसके बाद भारतीय टीम ने गोल करने के कई प्रयास किए पर नाकाम रही।
चौथे क्वार्टर में फ्रांस ने भारतीय डिफेंस को भेदते हुए गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया। यह गोल वान ने 58वें मिनट में किया। दोनों टीमों के बीच तीसरा मैच मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा।