तीसरे क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं
तीसरे क्वार्टर में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर सके। तीसरे क्वार्टर में 31वें मिनट में ही पाकिस्तान की टीम को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रिजवान अली के ड्रैग फ्लिक को भारतीय खिलाड़ियों ने रोक लिया। 37वें मिनट में टीम इंडिया को एक बेहतरीन मौका मिला। तब पवन राजभर ने शानदार टॉमहॉक शॉट से गोल करने की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तानी गोलकीपर ने उस शॉट को रोक लिया।
42वें मिनट में पाकिस्तान के एजाज अहमद ने बॉक्स के अंदर से काउंटर अटैक पर गोल करने की कोशिश की, लेकिन वह मौका चूक गए। 44वें मिनट में भारतीय टीम को आठवां पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इंडिया इसे भी नहीं भुना सकी। भारतीय टीम ने सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया।
चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान ने की वापसी
चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने काउंटर अटैक शुरू किया। 46वें मिनट में भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने अम्माद बट के शॉट को शानदार तरीके से रोका। 59वें मिनट में पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला। पाकिस्तान के ड्रैग फ्लिक पर गोलपोस्ट के पास खड़े अब्दुल राणा ने गोल दाग स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस तरह टीम इंडिया जीत से चूक गई।
इस टूर्नामेंट में भारत की दूसरी श्रेणी की टीम अपने खिताब का बचाव करने उतरी है। भारतीय टीम की अगुआई अनुभवी डिफेंडर बीरेंद्र लाकड़ा कर रहे हैं, जबकि स्ट्राइकर एसवी सुनील उपकप्तान हैं। वहीं, पाकिस्तान ने भी टूर्नामेंट में कुछ नए चेहरों को उतारा है।
टूर्नामेंट में बेंच स्ट्रेंथ आजमाना चाहेगी टीम इंडिया
टीम इंडिया के पास इस टूर्नामेंट में अपने बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने का मौका है, क्योंकि इसके बाद टीम को राष्ट्रमंडल खेल और एफआईएच विश्व कप में हिस्सा लेना है। भारतीय टीम विश्व कप के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है।
पाकिस्तान की नजर विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने पर
दूसरी ओर पाकिस्तान इस टूर्नामेंट से भुवनेश्वर में होने वाले 2023 विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने की कोशिश में है। एशिया कप से शीर्ष तीन टीमें सीधे जनवरी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर लेंगी। भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें तीन-तीन बार एशिया कप अपने नाम कर चुकी हैं।