गोलरक्षक कुइको कोर्टेज चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के छठे मिनट में फ्रांस के हयूगो जेनस्टेट के पेनल्टी स्ट्रोक को रोक हॉकी विश्व कप में पूल ए के दूसरे मैच में यहां सोमवार को स्पेन के हीरो बन गए।
कोर्टेज के इस बेहतरीन बचाव से यहां एफआईएच रैंकिंग में सबसे नीचे 20 वें नंबर की टीम फ्रांस की जीत दर्ज कर उलटफेर करने की उम्मीद पर पानी फेरते हुए दुनिया की आठवें नंबर की टीम स्पेन यह मैच एक-एक गोल से ड्रॉ कराने में सफल रही। अपना अपना पहला मैच हार कर आगाज करने वाली दोनों टीमों का अब दो-दो मैचों के बाद एक-एक अंक है।
फ्रांस के कप्तान विक्टर चार्लेट और टॉम जेनस्टेट की तारीफ करनी होगी उन्होंने स्पेन को मिले आधा दर्जन पेनल्टी कॉर्नर पर उसके ड्रैग फ्लिकर पाउ कुइमदा को रोक कर उन्हें गोल करने से रोक कर उसे गोल करने और बराबरी पाने के लिए एकबारगी तरसा दिया था। फ्रांस ने शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए।
दाएं से बनाए जोरदार हमले पर पीटर वान स्ट्रेटन से डी के भीतर गेंद को कप्तान विक्टर चार्लेट ने संभाल कर तेज शॉट जमाया और गोलरेखा के ठीक सामने खड़े टिमोथी क्लीमेंट ने इस पर स्टिक लगाई और गेंद गोल में जा घुसी। क्लीमेंट के इस मैदानी गोल से फ्रांस ने मैच के छठे मिनट में 1-0 की बढ़त ले ली।
14वें मिनट में स्पेन को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। विंस रूइज और एनरिक गोंजालेज ने दूसरे क्वॉर्टर के आखिर में बराबर स्पेन की डी में रहकर दबाव बढ़ाया, लेकिन फ्रांस के कप्तान विक्टर चार्लेट ने खासतौर पर सेंट्रल डिफेंडर के रूप में हर बार आगे बढ़ कर उनके हमले को नाकाम किया।
तीसरे क्वॉर्टर के शुरू में एनरिक गोंजालेज ने गोल करने के बेहद आसान मौके गंवाए और स्पेन के हाथ आया बराबरी पाने का मौका फिसल गया। अल्वारो इग्लेशियस ने चौथे और अंतिम क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में बेहतरीन मैदानी गोल कर स्पेन को एक-एक की बराबरी दिला दी।