1975 हॉकी विश्व कप में भारत को जीत दिलाने वाले माइकल किंडो का गुरुवार को 73 साल की उम्र में निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें राउलकेला के आईजीएच अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पारिवारिक सूत्रों ने कहा, 'माइकल किंडो का उम्र संबंधी समस्याओं के कारण यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमारी के कारण चल फिर नहीं पा रहे थे और अवसादग्रस्त भी थे।' उन्होंने कहा, उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा क्योंकि उनकी बेटियां तभी यहां पहुंच पाएंगी।
किंडो फुलबैक थे और 1975 में कुआलालम्पुर में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे। वह उस टीम के भी सदस्य थे जिसने म्यूनिख ओलंपिक 1972 में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने उन खेलों में तीन गोल किए थे। 20 जून 1947 को झारखंड के सिमडेगा में जन्मे माइकल को साल 1972 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
हॉकी इंडिया ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। महासंघ ने ट्वीट किया, 'हमें अपने पूर्व हॉकी खिलाड़ी और 1975 के विश्व कप विजेता माइकल किंडो के निधन पर गहरा दुख है। हम उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।'