हॉकी इंडिया ने जूनियर पुरुष राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए 37 सदस्यों के कोर ग्रुप का एलान कर दिया है। यह शिविर 7वें सुल्तान ऑफ जोहोर कप की तैयारी के लिए 17 सितंबर तक चलेगा।
शिविर के दौरान हाकी इंडिया के हाई परफार्मेंस डायरेक्टर डेविड जान और जूनियर हॉकी पुरुष टीम के मुख्य कोच जूड फेलिक्स की देख रेख में टीम का चयन ट्रायल भी कराया जाएगा। इस शिविर से सुल्तान ऑफ जोहोर कप के लिए 18 सदस्यीय टीम चुनी जाएगी।
बता दें कि यह प्रतियोगिता 22 से 29 अक्टूबर के बीच मलेशिया के जोहोर बाहरू में होगी। प्रशिक्षण के दौरान कोर ग्रुप खेल के महत्वपूर्ण आयामों जैसे गति, क्षमता और खेल के प्रति समझदारी पर जोर देंगे। टीम की तैयारियों को 2020 जूनियर विश्व कप के लिये भी अहम माना जा रहा है, जहां भारतीय टीम खिताब का बचाव करने उतरेगी, जिसमें भारत को अपना खिताब बचाना है।
टीम के मुख्य कोच जूड फेलिक्स ने कहा, 'हमने पिछले कुछ महीनों में जूनियर पुरुषों का कोर ग्रुप तैयार करने में कड़ी मेहनत की है। इससे हमें मजबूत खिलाडियों का ग्रुप है, जो बड़े स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है।
वहीं, डेविड जॉन ने कहा, 'हमें उम्मीद है कि ये खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग ले सकते हैं। हमारा ध्यान अब कोच जूड फेलिक्स के देख-रेख में इनके प्रशिक्षण और इनमें से सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों के चयन पर है, जो 7वें सुल्तान ऑफ जोहोर कप में खेल सकें।"