भारत की सीनियर पुरुष हॉकी टीम के चीफ कोच हरेन्द्र सिंह ने बेंगलुरू में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में चल रहे शिविर में परोसे जाने वाले घटिया खाने की शिकायत को लेकर हॉकी इंडिया को 9 जून को लिखे एक पत्र लिखा था। अब इस पत्र को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष डॉ. नरिंदर बत्रा ने सोमवार को साई की डीजी नीलम कपूर को भेज कर इस मामले को गंभीरता से उठाया। बत्रा ने इस पत्र की प्रति खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, खेल सचिव राजीव भटनागर को भी भेज कर इस मामले को गंभीरता से उठाया है।
बत्रा ने कहा, 'खेल मंत्री राठौड़ भी कुछ महीने पहले साई सेटर का दौर कर चुके हैं और इस मसले से वाकिफ है। मेरा साई से अनुरोध है कि खिलाड़ी देश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें इसके लिए खाने की अच्छी व्यवस्था की जाए। यह दिक्कत साई के सभी केंद्रों में है। मैं इसलिए इस मसले पर आपसे चर्चा करना चाहता हूं। मैं 11 से 18 जून तक मैं दौरे पर हूं और इसके बाद मैं इस मसले पर आपसे चर्चा करना चाहता हूं।'
हरेन्द्र ने इस पत्र में लिखा, 'साई के बेंगलुरू स्थित केंद्र में खिलाडिय़ों को परोसे जाने वाला खाना एकदम घटिया है। खाने में ज्यादा तेल और वसा का इस्तेमाल किया जाता है। साफ सफाई का भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। खाना पौष्टिक हो इसका भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों से पहले खेल मंत्री राज्यवद्र्बन राठौड़ ने भी साई सेंटर का दौरा कर 48 घंटे में सब व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही थी, लेकिन इसका भी कोई असर हीं हुआ। हम चैंपियंस ट्रॉफी, एशियाई खेलों और पुरुष हॉकी विश्व कप की तैयारी में जुटे हैं। इनमें अच्छे प्रदर्शन के लिए खिलाडिय़ों के लिए बढिय़ा और पौष्टिक खाना जरूरी है।'