दिल्ली वेवराइडर्स ने यहां एचआईएल के मुकाबले में जेपी पंजाब वारियर्स को 3-2 से हरा दिया। इसके साथ ही दिल्ली के 11 मैचों में नौवीं जीत के बाद अब 49 अंक हो गए हैं। पंजाब की यह छठवीं हार है और 12 मैचों से उसके 29 अंक रहे। इससे पहले दिल्ली ने पंजाब को 2-1 और 3-0 से हराया था। दिल्ली के आस्कर डीको हीरो गोल ऑफ द मैच और रपिंदर पाल सिंह मैन ऑफ द मैच रहे।
सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने मैच में शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाया और इसे पूरे 70 मिनट कायम रखा। दिल्ली को चौथे मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर रपिंदर पाल का जोरदार शाट गोलकीपर जाप स्टाकमैन के पैर से डिफलेक्ट होकर गोल में समा गया।
रपिंदर पाल का टूर्नामेंट में यह छठवां गोल था और वह सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए। पांचवें मिनट में दानिश मुज्तबा के पास पर डीके ने बेहतरीन शॉट से गेंद को गोल जाल में पहुंचाकर दिल्ली को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद मलक सिंह ने पंजाब के लिए गोल दाग इस अंतर को 2-1 कर दिया लेकिन 22वें मिनट में डीके के रिवर्स शाट ने पंजाब के डिफेंस को भेद दिया। आखिरी मिनट में क्रिलो ने पंजाब के लिए गोल दागा।
विजाडर्स ने मैजिशियंस को बाहर किया
उत्तर प्रदेश विजाडर्स ने मंगलवार को हॉकी इंडिया लीग मुकाबले में मुंबई मैजिशियंस को 1-0 से हरा दिया। 11 मैचों में यह मुंबई की दसवीं हार है और इसके साथ ही मैजिशियंस की टीम सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गई। विजाडर्स की 11 मैचों में यह चौथी जीत है और उसके तालिका में 27 अंक हैं। इसके साथ ही विजाडर्स पांच मैचों की टीम टूर्नामेंट में सेमीफाइनल जगह पक्की करने वाली चौथी टीम रही। विजाडर्स का अब दिल्ली वेवराइडर्स के खिलाफ एकमात्र मैच बचा है। अगर यूपी की टीम यह मैच जीत जाती है तो वह तालिका में तीसरे क्रम पर पहुंच जाएगी।