पूर्व दिग्गज हॉकी खिला़ड़ी और कोच मीर रंजन नेगी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सुपरहिट बॉलीवुड फिल्म 'चक दे इंडिया' की कहानी मीर रंजन नेगी के जीवन से ही प्रेरित थी, जिसकी वजह से वो चर्चा में आए। नेगी और उनके एक साथी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं और वो अपनी नौकरी से सस्पेंड भी हो सकते हैं। फिलहाल वह कस्टम विभाग में बतौर असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। सहर स्थित एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स में भ्रष्टाचार मामले में उन पर भी आरोप लग रहे हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार चीफ कमिश्नर ऑफ कस्टम देवेंद्र सिंह ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ एक्साइज ऐंड कस्टम्स (CBEC) को नेगी और असिस्टेंट कमिश्नर वी एम गानू को निलंबित करने के लिए पत्र लिखा है। दोनों अधिकारियों का कुछ दिन पहले ही तबादला किया गया था। विजिलेंस की तरफ से दिए निर्देशों के आधार पर निरीक्षण में फेल होने के कारण दोनों का तबादला किया गया था। पिछले सप्ताह ही देवेंद्र सिंह ने 17 अन्य अधिकारियों को निलंबित किया था। सभी अधिकारियों पर कार्गो कॉम्प्लेक्स में भ्रष्टाचार का दोषी मानते हुए सिंह ने यह कार्रवाई की थी।