सरकार ने विश्वविद्यालय और कालेज के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को मुफ्त शिक्षा एवं अन्य सुविधायें देने का निर्णय लिया है। मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने योजना की रूपरेखा को मंजूरी दी है। सिब्बल के अनुसार जो कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेगा उसे मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी ताकि वह अधिकतम शिक्षा हासिल कर सके। इस योजना के तहत विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) विद्यार्थियों की पढाई पर होने वाले व्यय का भुगतान करेगा।
खिलाड़ी छात्रों की कक्षाओं में उपस्थिति और पाठयक्रम पूरा करने के लिए भी विश्वविद्यालय विशेष इंतजाम करेंगे। सिब्बल के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर आठ शीर्ष विश्वविद्यालयों के बीच हॉकी और क्रिकेट के लीग मैचों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में टेलीविजन चैनल एनडीटीवी ने भारतीय विश्वविद्यालय संघ के साथ एक करार किया है।