दूसरी इंडियन ग्रां. प्री को पूरी तरह भारतीय रंग देने के लिए आयोजकों ने जमकर तैयारी की है। फॉर्मूला-1 रेस के पहले दिन दर्शकों के मनोरंजन के लिए ढोल-नगाड़े, भंगड़ा की मस्ती के साथ ही पैडॉक क्लब में मेहंदी लगाई गई। जबकि कई स्टैंड्स के बाहर दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों के म्यूजिक बैंड्स ने धमाकेदार परफॉर्मेंस दी।
ओपनिंग सेरेमनी में पंजाबी तड़का देखने को मिला। पंजाब के कलाकारों ने नृत्य और ढोल-नगाड़ों के संगीत से सर्किट में मौजूद दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। यह नजारा शाम तक पैडॉक जोन समेत कई जगह दिखा। जबकि सर्किट के सबसे वीवीआईपी एरिया पैडॉक जोन की छत पर भारतीय संस्कृति की झलक देते मंडप सजाए गए।
जिसमें भारतीय महिलाओं ने तमाम विदेशी-देशी मेहमानों को मेहंदी लगाई। सर्किट में लगी स्क्रीन्स पर यह नजारा कई बार नमूदार हुआ। मस्ती का यह सिलसिला सुबह से लेकर शाम तक चला। सर्किट के तमाम स्टैंड्स पर रॉक द रेस कॉन्टेस्ट के विजेता म्यूजिक बैंड ने प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया।