फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इटली नेवी का ध्वज लगाकर उतरी टीम फेरारी

Sat, 27 Oct 2012 10:05 AM IST
ग्रेटर नोएडा/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
इटली नेवी का झंडा लगाकर टीम फेरारी का ट्रैक पर उतरने का फैसला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विरोध के बावजूद फेरारी के ड्राइवर इटली के नेवी अधिकारियों के समर्थन में बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में इटली नेवी का झंडा लगाकर उतरे। इन अधिकारियों पर केरल के मछुआरों की हत्या का मामला चल रहा है। इस पूरे प्रकरण से जहां विदेश मंत्रालय और फिशरमैन एसोसिएशन नाराज है, जबकि एफ-1 के आयोजक खुद को बचाने के लिए इससे पल्ला झाड़ रहे हैं।
विज्ञापन

 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अपने संदेश के लिए खेल के मंच का इस्तेमाल खेल भावना के खिलाफ है। उधर मछुआरों की राष्ट्रीय स्तर की संस्था नेशनल फिशरमैन एसोसिएशन (एनएफए) ने भी इस फैसले का विरोध किया है। एनएफए सचिव टी पीटर ने कहा है कि फेरारी टीम का यह फैसला देश और खेल के लिए शर्म की बात है। दूसरी ओर इस मामले में एफ-1 सुप्रीमो से लेकर फेडरेशन ऑफ मोटर स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (एफएमएससीआई) पल्ला झाड़ रहे हैं।

एफ-1 सुप्रीमो बर्नी एक्लेस्टन से जब इस संबंध में पूछा गया तो उनका सीधा जवाब था, ‘यह राजनीतिक मामला है। हम इसमें नहीं पड़ेंगे। हां, इस मामले को भारतीय बॉडी को फेरारी के समक्ष उठाना चाहिए।’ अमर उजाला ने जब इस मामले पर एफएमएससीआई के अध्यक्ष विक्की चंडोक से बात की तो वह भी इससे बचते नजर आए। उन्होंने भी बर्नी की जुबान में कहा कि वह राजनीतिक मामलों में नहीं पड़ना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने यह जरूर स्वीकार किया कि बर्नी ने उनसे इस मामले को देखने को कहा है।
विज्ञापन


इस दौरान टीम फेरारी के टीम प्रिंसिपल स्टीफानो डोमेनोकाली प्रैक्टिस रेस के दौरान कारों पर झंडा लगाए जाने के मामले में फंसते नजर आए। मगर उन्होंने कहा कि झंडे को राजनीतिक उद्देश्यों के तहत नहीं लगाया गया है। इसका उद्देश्य सिर्फ इतना है कि दोनों देशों के अधिकारी इस मामले का हल सौहार्दपूर्ण तरीके से निकालें। वहीं टीम के मोटर स्पोर्ट हेड लूका कोलिहानी ने साफ इनकार कर दिया कि अगले दो दिनों में कारों से झंडे को हटाया जाएगा।

क्या था मामला
इसी साल फरवरी में इटली की नौसेना के अधिकारियों की गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद केरल सरकार ने  इटली के दो नौसेना अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया था और उन पर मुकदमा चल रहा है। फॉर्मूला-1 रेस की प्रमुख टीम फेरारी का बेस इटली में है और हाल ही में उसने वेबसाइट के जरिए एलान किया कि वह अपनी कारों पर इटली नेवी का झंडा लगाकर ट्रैक पर उतरेगी। इटली के विदेश मंत्री ने भी फेरारी के इस रुख की तारीफ की है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें