संन्यास के पांच साल बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे स्वीडिश स्टार ज्लाटन इब्राहिमोविच की वापसी शानदार रही। एसी मिलान के स्ट्राइकर इब्राहिमोविच की मदद से विक्टर क्लेसन (35वें मिनट) ने मैच का एकमात्र गोल किया जिससे स्वीडन ने विश्व कप क्वालिफायर में जॉर्जिया को 1-0 से हराकर जीत के साथ आगाज किया। इब्राहिमोविच इससे पहले यूरो 2016 में स्वीडन के लिए खेले थे। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया था।
स्वीडन के सबसे उम्रदराज फुटबॉलर बने :
मैदान पर उतरने के साथ ही 39 वर्षीय इब्रोहिमोविच स्वीडन की ओर से अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उन्होेंने गोलकीपर थॉमस रवेली (38 साल, 59 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ा।
जर्मनी और इंग्लैंड भी जीते :
र्गोत्जका (दूसरे मिनट), केई हैवर्टज (7वें मिनट) और इल्के गुंडोगन (56वें मिनट) के गोल के दम पर जर्मनी ने आइसलैंड को 3-0 से पराजित किया। इंग्लैंड ने सैन मैरीनो को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से रौंद दिया। इंग्लैंड की यह इस टीम के खिलाफ सात मैचों में सातवीं जीत है। इस दौरान उसने 42 गोल किए और सिर्फ एक खाया। अन्य मैचों में स्विट्जरलैंड ने बुल्गारिया को 3-1 से और इटली ने नॉदर्न आयरलैंड को 2-0 से शिकस्त दी।