सक्रिय खिलाड़ियों में रिकॉर्ड 109 अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो विश्व कप क्वालिफायर में अजरबैजान के खिलाफ गोल करने से चूक गए। हालांकि यूरो चैंपियन पुर्तगाल की टीम अजरबैजान के आत्मघाती गोल से जीत से खाता खोलने में सफल रही।
यूरो चैंपियन ने विश्व कप क्वालिफायर के पहले मुकाबले में अजरबैजान को 1-0 से हराया
अजरबैजान के मैक्सिम मेदवेदेव (37वें मिनट) ने गलती से अपने ही गोल पोस्ट में गेंद अटकाकर पुर्तगाल को 1-0 से बढ़त दिलाई जो निर्णायक साबित हुई। पैंतीस वर्षीय रोनाल्डो दो बार गोल करने के करीब पहुंचे पर कामयाब नहीं हुए। अन्य मैच में विश्व चैंपियन फ्रांस को यूक्रेन ने एक-एक की बराबरी पर रोक दिया।
फ्रांस को भी आत्मघाती गोल भारी पड़ा। फ्रांस को एंटोनी ग्रीजमैन ने 18वें मिनट में ही गोल कर बढ़त दिला दी थी। यह उनका राष्ट्रीय टीम के लिए 34वां गोल था। प्रिसनेल किंमपेंबे (57वें मिनट) ने आत्मघाती गोल कर यूक्रेन को एक-एक की बराबरी दिला दी।
बुरक की हैट्रिक से तुर्की ने नीदरलैंड को चौंकाया
बुरक यिलमाज की हैट्रिक से तुर्की ने विश्व कप क्वालिफायर के पहले ही मुकाबले में 2010 के उपविजेता नीदरलैंड पर 4-2 की उलटफेर भरी जीत दर्ज की। बुरक (15वें, 34वें, 81वें मिनट) में यह गोल किए। एक गोल हकन ने 46वें मिनट में किया। नीदरलैंड की ओर से डेवी क्वासेन (75वें मिनट) और ल्यूक डि जोंग (76वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।