फ्रांस और क्रोएशिया के बीच रविवार को मास्को के लुजिन्हकी स्टेडियम में फीफा विश्व कप 2018 का हाईवोल्टेज फाइनल मैच खेला जाएगा। इसकी क्लोजिंग सेरेमनी में हॉलीवुड के स्टार्स अपना जलवा बिखेरते दिखेंगे। हॉलीवुड अभिनेता-रैपर विल स्मिथ, अमेरिकी सिंगर निकी जाम और ईरा इस्त्रेफी कार्यक्रम के दौरान अपनी प्रस्तुति देंगे।
इन तीनों मशहूर हस्तियों ने मिलकर एक गाना तैयार किया है, जिसका नाम 'लिव इट अप' है। विल स्मिथ ने कहा, 'विश्व कप में प्रस्तुति का अवसर मिलना भी एक सम्मान की बात है। इस टूर्नामेंट के जरिये विश्व भर के लोग एक ही भावना के साथ एकजुट होकर साथ में हंसते, जश्न मनाते और अनुभव हासिल करते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'हम इस गाने पर विश्व भर के लोगों को थिरकते हुए देखना चाहते हैं। इस गाने का निर्माण ग्रैमी पुरस्कार विजेता डिप्लो ने किया है। मैंने पहले इस प्रकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीत का निर्माण नहीं किया। इस गाने को शानदार बनाने के लिए कई सितारे एक साथ आए हैं।'
बता दें कि वर्ल्ड कप 2018 की ओपनिंग सेरेमनी में विवाद खड़ा हो गया था। एक महीने पहले हुई इस सेरेमनी में प्रस्तुति देने वाली ब्रिटिश गायक रॉबी विलियम्स ने बीच की उंगली दिखाई थी। बाद में रॉबी ने इस घटना के बारे में सफाई दी कि उन्होंने ऐसा काउंटडाउन करने के लिए किया था। मगर कुछ लोगों का मानना है कि उन्होंने कमेंटेटर्स को जानबुझकर यह इशारा किया था क्योंकि वह रूस में प्रस्तुति दे रहे थे, जबकि उसके वेस्ट के साथ रिश्ते अच्छे नहीं है। विशेषकर ब्रिटेन से।