FIFA World Cup 2026 Spain vs Argentina Final Preview: अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा विश्व कप का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मैच के लिए तैयार हैं। अर्जेंटीना जहां अपने खिताब को बरकरार रखने की कोशिश करेगा, जबकि स्पेन का प्रयास 2010 के बाद अपना दूसरा खिताब जीतने का होगा।
फीफा विश्व कप फाइनल के लिए मंच सज चुका है जिसमें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आक्रमण वाली टीम अर्जेंटीना का सामना स्पेन की उस टीम से होगा जिसकी डिफेंस की मजबूती का कोई सानी नहीं है। खिताबी मुकाबले में खेल की दो अलग-अलग शैलियों का टकराव देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी लियोनल मेसी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना रविवार को न्यू जर्सी में स्पेन की मजबूत रक्षात्मक टीम से भिड़ेंगे। स्पेन के पास मेसी को टक्कर देने के लिए लामिन यामल के रूप में युवा स्ट्राइकर है।
विज्ञापन
स्पेन ने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को हराया। इस टूर्नामेंट में वापसी करने में माहिर अर्जेंटीना ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर जीत हासिल की। अब दो ऐसी टीमों का सामना हो रहा है जो फीफा की विश्व रैंकिंग में नंबर एक और दो पर मौजूद हैं। 34 साल बाद ऐसा हो रहा है जब फीफा रैंकिंग की शीर्ष दो टीमों के बीच विश्व कप का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
अर्जेंटीना के सामने खिताब बचाने की चुनौती
अर्जेंटीना अपना चौथा खिताब जीतने की कोशिश कर रहा है और ब्राजील के बाद लगातार दो बार विश्व कप चैंपियन बनने की ओर अग्रसर है, जिसने 1958 और 1962 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
स्पेन 2010 में जीतने के बाद अपना दूसरा खिताब जीतने की कोशिश कर रहा है।
अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं जबकि टूर्नामेंट में सबसे कम गोल खाने के मामले में स्पेन सबसे आगे है। उसने सिर्फ एक गोल खाया है।
दक्षिण अमेरिकी चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन को मार्च के अंत में कतर के दोहा में फाइनलिस्सिमा में एक दूसरे का मुकाबला करना था लेकिन मध्य पूर्व में जारी जंग के कारण यह मैच नहीं हो पाया। अब संयोग देखिए कि विश्व कप फाइनल में यह दोनों टीम आमने-सामने होंगी।
यह फुटबॉल के वर्तमान और भविष्य के बीच एक मुकाबला होगा। साथ ही उन टीमों के बीच भी मुकाबला होगा जो विश्व कप से पहले फीफा की विश्व रैंकिंग में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज थीं। अर्जेंटीना नंबर एक और स्पेन नंबर दो पर।
फीफा विश्व कप
- फोटो : FIFA.com
दोनों टीमों का अब तक कैसा रहा सफर
स्पेन ने फाइनल तक के सफर में छह जीत हासिल की और एक ड्रॉ खेला। उसने अब तक 13 गोल किए हैं और केवल एक गोल खाया है। स्पेन ने ग्रुप चरण में केप वर्डे से गोल रहित ड्रॉ खेलने के बाद सऊदी अरब को 4-0 से और उरुग्वे को 1-0 से हराया। उसने नॉकआउट चरण में ऑस्ट्रिया को 3-0 से, पुर्तगाल को 1-0 से, बेल्जियम को 2-1 से, फ्रांस को 2-0 से हराया।
अर्जेंटीना अपने सभी सात मैच जीत कर फाइनल तक पहुंचा है। उसने अब तक 19 गोल किए हैं और सात गोल खाए हैं। अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में अल्जीरिया को 3-0 से, ऑस्ट्रिया को 2-0 से और जॉर्डन को 3-1 से हराया। उसने नॉकआउट चरण में केप वर्दे को 3-2 से, मिस्र को 3-2 से, स्विट्जरलैंड को 3-1 से और इंग्लैंड को 2-1 से हराया।
फीफा विश्व कप
- फोटो : fifa.com
क्यों खास है खिताबी मुकाबला?
फीफा विश्व कप में पहली बार फाइनल में यूरो कप और कोपा अमेरिका चैंपियन के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
अर्जेंटीना की टीम सातवीं बार विश्व कप का फाइनल खेलने उतरेगी।
मेसी बनाम यमाल माना जा रहा फीफा विश्व कप का खिताबी मुकाबला।
अर्जेंटीना बनाम स्पेन हेड टू हेड
विश्व कप के एक ही मैच में आमने-सामने हुए हैं अर्जेंटीना-स्पेन। 1966 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच मैच खेला गया था जिसमें अर्जेंटीना 2-1 से जीती थी। 2018 में आखिरी बार मैत्री मैच आपस में खेले थे स्पेन और अर्जेंटीना जिसमें स्पेन 6-1 से जीती थी। ओवरऑल दोनों टीमों के बीच कुल 14 मैच खेले गए हैं जिसमें से अर्जेंटीना ने छह जीते हैं, जबकि स्पेन को भी छह में सफलता मिली है। वहीं, दो मैच ड्रॉ रहे हैं।