करीम बेंजेमा और युवा विनिसियस जूनियर के दम पर रियल मैड्रिड ने ला लीगा में अलावेस को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से पराजित कर खिताब की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं। साथ ही रियल ने कोपा डेले रे के सेमीफाइनल से पहले अपने चिर प्रतिद्वंद्वी बार्सिलोना को भी चेतावनी दे दी है।
दोनों के बीच अल क्लासिको मुकाबला बृहस्पतिवार को होगा। इस जीत के साथ रियल ने शीर्ष पर चल रहे बार्सिलोना (55) और दूसरे स्थान पर कायम एटलेटिको मैड्रिड (44) के बीच अंकों का अंतर भी कम कर लिया है। रियल के 42 अंक हो गए हैं और वह तीसरे स्थान पर कायम है। एटलेटिको को रियल बेटिस के हाथों 0-1 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
विनिसियस ने दागा अपना पहला गोल
बेंजेमा ने 30वें मिनट में गोल कर रियल को बढ़त दिलाई। बेंजेमा का यह पिछले छह मैचों में चौथा गोल है। इसके बाद 18 वर्षीय विनिसियस ने 80वें मिनट में रियल की बढ़त 2-0 कर दी। यह विनिसियस का ला लीगा का पहला गोल था। मारियानो डियाज (90+1वें मिनट) ने इंजुरी टाइम में गोल कर रियल का स्कोर 3-0 से कर दिया।
एगुएरो की हैट्रिक से सिटी ने आर्सेनल को 3-1 से हराया
मैनचेस्टर। सर्जियो एगुएरो की हैट्रिक की बदौलत मैनचेस्टर सिटी ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में आर्सेनल को 3-1 से पराजित कर दिया। इस जीत से सिटी ने शीर्ष पर चल रहे लीवरपूल की बढ़त को दो अंक तक सीमित कर दिया। एगुएरो ने पहले, 44वें और 61वें मिनट में गोल दागे।
आर्सेनल की ओर से एकमात्र गोल लारेंट कोसिलनी ने 11वें मिनट में किया। इस जीत से मैनचेस्टर सिटी के 25 मैचों में 59 अंक हो गए हैं। लीवरपूल के 61 अंक हैं, लेकिन टीम ने एक मैच कम खेला है। आर्सेनल 25 मैचों में 47 अंकों के साथ छठे स्थान पर है।