गेरेथ बेल ने दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरने के तीन मिनट के भीतर ही गोल कर रियल मैड्रिड को ला लीगा में एस्पेनयॉल पर 4-2 से शानदार जीत दिलाकर खिताब की उम्मीदें कायम रखी हैं।
चोट के चलते बेल तीन जनवरी से मैदान से बाहर थे। उन्होंने न सिर्फ शानदार वापसी की बल्कि दस खिलाड़ियों से खेलने वाले रियल मैड्रिड को जीत भी दिलाई। बेल ने 67वें, जबकि करीम बेंजेमा ने चौथे व 45+1वें मिनट में और सर्जियो रोमास ने 15वे मिनट में गोल किए।
एस्पेनयॉल के लिए लियो बैपटिस्ताओ 25वें और रॉबर्टो रोजलेस 81वें मिनट में एक-एक गोल किया। रियल 39 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है। गिरोना को 2-0 से हराने वाला बार्सिलोना (49) शीर्ष और एटलेटिको मैड्रिड (44) दूसरे नंबर पर है।
-11 गोल अब तक इस सत्र में दाग चुके हैं गेरेथ बेल
रोनाल्डो के गोल से जीता जुवेंटस
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के अंतिम क्षणों में दागे गए गोल के दम पर जुवेंटस ने सिरी ए में अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए लाजिओ को 2-1 से शिकस्त देकर शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। हाफ टाइम तक मुकाबला गोल रहित रहा। एमरे कैन (59वें मिनट) ने आत्मघाती गोल कर लाजिओ को बढ़त दिला दी। कैवाको कैंसिलो (74वें मिनट) ने जुवेंट को बराबरी दिलाई और 12 मिनट बाद ही रोनाल्डो (86वें मिनट) ने गोल कर उसकी जीत तय कर दी। जुवेंटस के 59 अंक हैं और उसने दूसरे स्थान पर चल रहे नेपोली (48) पर 11 अंकों की बढ़त बना ली है।
-17 गोल इस सत्र में कर चुके हैं जुवेंटस के लिए रोनाल्डो अब तक
-19वीं जीत है यह जुवेंटस की सिरी ए के 21 मुकाबलों में, दो ड्रॉ रहे हैं