अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय फुटबाल कोच की नियुक्ति जल्दी की जाएगी और मानदंडों पर खरे उतरने पर किसी बड़े नाम पर भी मुहर लगाई जा सकती है ।
एफआईएफएफ को इस पद के लिये 250 से अधिक आवेदन मिले हैं। एएफसी एशियाई कप में भारतीय टीम के नाकआउट चरण में नहीं पहुंच पाने के बाद स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से यह पद रिक्त पड़ा है।
सूत्रों के अनुसार 250 में से 35 उम्मीदवार यूरोप या अन्य देशों में जाने पहचाने कोच हैं। पटेल ने प्रेस ट्रस्ट से कहा, 'यदि उम्मीदवार मानदंडों पर खराब उतरता है और योग्य है तो हम बड़े नाम पर भी मुहर लगा सकते हैं।'
उन्होंने कहा, 'नियुक्ति जल्दी ही की जाएगी। संभवत: इस महीने के आखिर तक।' भारतीय टीम के कोच के पद के लिये इटली के जियोवान्नी डि बियासी, स्वीडन के हकान एरिक्सन, फ्रांच के रेमंड डोमेनेक और इंग्लैंड के सैम अलार्डिस के नाम की भी अटकलें लगाई जा रही है। आवेदन की अंतिम तिथि 29 मार्च थी।