ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार जिसके प्रदर्शन को लेकर खूब आलोचना की जा रही थी ने ओलंपिक इतिहास का सबसे तेज गोल दागने का रिकॉर्ड बना दिया है।
होंडूरास के खिलाफ मुकाबले में नेमार के इस करिश्माई प्रदर्शन से मेजबान ब्राजील ने सेमीफाइनल में 6-0 की जीत के साथ ही फाइनल में प्रवेश कर लिया। मेजबान टीम के पास अब 2014 फीफा विश्व कप में जर्मनी के हाथों मिली 1-7 की हार का मलाल दूर करने का मौका मिल गया है।
फाइनल मुकाबला ब्राजील के समयानुसार शनिवार को होगा और ब्राजील पहली बार ओलंपिक गोल्ड के लिए प्रयास करेगा।
नेमार ने होंडूरास के खिलाफ 15 सेकेंड के अंदर ही गोल दाग दिया जो ओलंपिक इतिहास का सबसे तेज गोल है। नेमार ने जैसे ही होंडूरास के गोलकीपर को छकाते हुए गोल दागा। मेजबान दर्शक खुशी से झूम उठे।
स्टार स्थानीय फुटबॉलर नेमार ने इस मैच में कुल दो गोल दागे। उन्होंने दूसरा गोल इंजरी टाइम में किया। मेजबान टीम की ओर से इसके अलावा गैब्रियल जीसस ने दो गोल 26वें और 35वें, मार्किन्होस ने 51वें और लुआन ने 79वें मिनट में किए।
नेमार की इस टूर्नामेंट की शुरुआत में आलोचना हो रही थी जब टीम ने दो गोलरहित ड्रॉ खेल रहे थे लेकिन सेमीफाइनल में तेज गोल करने के बाद उनकी प्रशंसा के सुर तेज हो गए हैं।