ब्राजील ने रविवार को तपती धूप में ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराकर अपनी विश्व कप की शानदार तैयारियों का नमूना पेश किया। ग्रैबियल जीसस, नेमार और फिलिप कोटिन्हों ने पांच बार की विश्व कप चैंपियन ब्राजील के लिए गोल दागे और वर्ल्ड कप अभ्यास मैच में ऑस्ट्रिया को धूल चटाई।
ब्राजील ने पहले हाफ में धैर्य के साथ खेला। मगर दूसरे हाफ में वह बेहद खतरनाक हो गई और एक के एक शानदार गोल दागे। फरवरी में चोटिल होने के बाद नेमार ने मैच की शुरुआत की। इससे पहले नेमार ने पिछले सप्ताह क्रोएशिया के खिलाफ दूसरे हाफ में वापसी की थी और गोल जमाकर वापसी का जश्न मनाया था।
यह भी पहला ही मौका था कि नेमार, जीसस और कोटिन्हों ने एकसाथ मैच की शुरुआत की थी। बहरहाल, नेमार की बदौलत ब्राजील ने ऑस्ट्रिया को आसानी से मात दी।
फ्रांस को ड्रॉ से करना पड़ा संतोष
पॉल पोग्बा ने अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया, लेकिन फ्रांस की टीम शनिवार को लियोन में में यूएस के खिलाफ वर्ल्ड कप अभ्यास मैच को 1-1 से ड्रॉ ही करा सकी। यूएस की तरफ से जूलियन ग्रीन ने गोल दागा जबकि पोग्बा की मदद से काएलियन बाप्पे ने गोल किया और स्कोर 1-1 से बराबर किया।
स्पेन प्रभावित करने में नाकाम
स्पेन की टीम ने वर्ल्ड कप अभ्यास मैच में ट्यूनीशिया को करीबी मैच में 1-0 से हराया, लेकिन वह प्रभावित करने में नाकाम रही। 2010 की चैंपियन स्पेन की तरफ से एकमात्र गोल इयागो अस्पास ने किया।