स्टार फुटबॉलर लियोनल मेस्सी का जादू स्पेनिश लीग में जारी है। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत बार्सिलोना ने स्पेनिश लीग में गत चैंपियन एटलेटिको मैड्रिड को 3-1 से करारी शिकस्त दी। मेसी ने इस जीत में एक गोल किया जबकि नेमार और लुइस सुआरेज को गोल करने में सहयोग भी दिया।
बार्सिलोना के लिए पहला गोल 12वें मिनट में हुआ जब मेस्सी ने विपक्षी खिलाड़ियों को एक के बाद एक छकाते हुए नेमार को पास दिया, जिस पर गोल करने में ब्राजीली स्टार ने कोई गलती नहीं की।
दूसरे गोल में भी बार्सिलोना ने ज्यादा समय नहीं लिया और इस बार भी गोल के सूत्रधार मेस्सी ही रहे। उन्होंने सुआरेज को पास देकर अपना काम पूरा किया। वहीं सुआरेज ने भी मौके का लाभ उठाने में देर नहीं की। पहले हाफ की समाप्ति तक बार्सिलोना 2-0 से आगे थी।
हालांकि मेस्सी की गलती की वजह से ही एटलेटिको मैड्रिड का भी खाता खुला। दरअसल 57वें मिनट में पेनल्टी एरिया के अंदर उन्होंने जीसस गोम्ज को बाधा पहुंचाई, जिस पर मिली पेनल्टी पर गोल कर मारियो मैंडजुकिक ने टीम का खाता खोलने में कामयाबी हासिल की।
मगर मेस्सी ने निर्धारित समय से महज तीन मिनट पहले इसकी भरपाई करते हुए टीम के लिए तीसरा और अंतिम गोल दाग दिया। यह इस सत्र में उनका 25 मैचों में 25वां गोल है।
इस जीत के बाद अब बार्सिलोना की टीम तालिका में शीर्ष पर चल रही रीयल मैड्रिड से महज एक ही अंक पीछे है। एटलेटिको बार्सिलोना से चार अंक पीछे तीसरे स्थान पर है।
मुकाबला शुरू होने से पहले स्पेनिश लीग में टेल्मो जारा का सर्वाधिक गोल (251) का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए मेस्सी को ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया गया।