इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर सिटी को UEFA (यूनियन ऑफ यूरोपियन फुटबॉल एसोसिएशन) ने दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया। मैनचेस्टर सिटी को फाइनेंशियल फेयर प्ले नियम के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यानी मैनचेस्टर सिटी अब दो साल तक यूरोपियन चैम्पियंस लीग नहीं खेल पाएगी। इतना ही नहीं क्लब पर 32.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 232 करोड़ रुपए का जुर्माना भी ठोका गया है।
हालांकि मैनचेस्टर इस साल UEFA में अपना सफर जारी रखेगी। स्पेनिश फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड के साथ सुपर-16 में पहले लेग का मैच 26 फरवरी को स्पेन की राजधानी मैड्रिड के बेर्नाबेऊ स्टेडियम में होगा।
यूएफए की क्लब फाइनेंशियल कंट्रोल बॉडी ने क्लब को स्पॉन्सरशिप राजस्व गलत पेश करने का दोषी पाया है, जिसके मुताबिक, मैनचेस्टर ने नियम तोड़ते हुए स्पॉन्सरशिप से असीमित धन कमाया। साथ ही वह जांच में सहयोग में भी असफल रहा।
नवंबर 2018 में जर्मन पत्रिका डेर स्पीगेल के ईमेल और दस्तावेजों दिखाने के बाद यह जांच शुरू की गई थी। एफएफपी नियम का उद्देश्य सभी क्लब मालिकों को स्पॉन्सरशिप डील के जरिए असीमित धन कमाने से रोकना है।