अंतिम क्षणों में डेजन लोवरेन के हेडर की मदद से लिवरपुल ने बोरुसिया डॉर्टमंड को 4-3 से हराकर यूरोप लीग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले चरण में 1-1 से ड्रॉ के बाद डॉर्टमंड ने नौ मिनट के अंदर हेनरिक मखितारयान और पिएरे एमरिक की मदद से मैच पर पकड़ बना ली थी लेकिन फिलिप कोटिन्हो और मामादोयू साखो ने लिवरपुल को बराबरी दिला दी।
मैच के 91वें मिनट में लोवरेन ने हेडर से गोल कर टीम को अप्रत्याशित जीत दिला दी। लिवरपुल कोच जुर्गेन क्लोप ने कहा कि यह बताना बहुत मुश्किल है कि इस जीत से कितनी खुशी मिली। यही यूरोपीय फुटबॉल है। इस जीत का विश्वास करना मुश्किल है। हमारे सभी खिलाड़ियों को जीत के लिए बधाई।
वेलेंसिया के खिलाफ बार्सिलोना जीत को बेताब
पिछले चार में से तीन मुकाबले गंवा चुकी बार्सिलोना की टीम को रविवार को वेलेंसिया के खिलाफ जीत दर्ज करने को बेताब है ताकि ला लीगा खिताब की रेस में उसकी पकड़ बरकरार रहे। बार्सिलोना की टीम के पास एटलेटिको के मुकाबले तीन अंकों की बढ़त है जबकि छह मैच अभी खेले जाने बाकी हैं।
चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल के दूसरे चरण में एटलेटिको से पराजित होने के कारण उसका लगातार दूसरी बार तीन खिताब जीतने का सपना टूट गया। बार्सिलोना के रक्षक खिलाड़ी गेरार्ड पिक्यू ने कहा कि यह बात तो स्पष्ट है कि हम सीजन में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। हमें अब उन दो टूर्नामेंट पर फोकस करना है जहां हमारी संभावनाएं कायम हैं।
बार्सिलोना की स्टार तिकड़ी लियोनल मेसी, नेमार और लुइस सुआरेज अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। मेसी ने पांच मुकाबलों से गोल नहीं किया है। इसी तरह नेमार भी गोल नहीं कर पा रहे हैं। उधर वेलेंसिया की टीम भी सेविला के खिलाफ अंतिम क्षणों में अल्वेरो की गोल की मदद से मिली जीत के बाद काफी राहत महसूस कर रही होगी। वेलेंसिया इस मुकाबले में फरवरी में 0-7 से मिली अपनी करारी हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से भी उतरेगी। इस बीच एटलेटिको के पास ग्रेनाडा के खिलाफ जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद बार्सिलोना की बराबरी करने का मौका रहेगा। एटलेटिको के पास एक एडवांटेज यह भी है कि उसे अपने शेष छह में से चार मुकाबले घरेलू मैदान पर खेलने हैं।