भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों लियोन मेसी और अर्जेंटीना टीम को खेलते देखने का मौका मिलेगा। फीफा विश्व कप की विजेता टीम अर्जेंटीना और स्टार फुटबॉलर मेसी इस साल अक्तूबर में केरल में प्रदर्शनी मैच खेलने के लिए भारत आएंगे। मेसी का 14 साल बाद यह पहला भारत दौरा होगा।
अक्तूबर में होगा मुकाबला
पिछले साल नवंबर में केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने बताया था कि अर्जेंटीना की टीम कोच्चि में दो प्रदर्शनी मैच खेलने के लिए राज्य का दौरा करेगी। अर्जेंटीना टीम की आधिकारिक पार्टनर ने बुधवार को बताया कि यह मुकाबला अक्तूबर में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य भारत में फुटबॉल को बढ़ावा देना है।
ये भी पढ़ें: Asian Wrestling C'ship: सुनील कुमार ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक, चीनी पहलवान को दी मात
आधिकारिक पार्टनर द्वारा रिलीज में कहा गया, इस साझेदारी के तहत अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम जिसमें लियोन मेसी भी शामिल होंगे, वे अक्तूबर 2025 में अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी मैच के लिए भारत का दौरा करेंगे। अर्जेंटीना फुटबॉल संघ और एसएसबीसी इंडिया ने भारत और सिंगापुर के लिए एक साल का पार्टनरशिप करार किया है। इसके तहत 2025 विश्व कप क्वालिफिकेशन के फाइनल मैच को देखते हुए प्रतिस्पर्धी सीजन को कवर करना शामिल है।
मेसी 2011 में भारत आए थे
मेसी पहली बार सितंबर 2011 में भारत आए थे। उन्होंने उस वक्त कोलकाता में वेनेजुएला के खिलाफ विश्व कप के क्वालिफाइंग राउंड में हिस्सा लिया था। अर्जेंटीना ने सॉल्टलेक स्टेडियम खेले गए उस मुकाबले में 1-0 से जीत दर्ज की थी। एसएसबीसी इंडिया के इंटरनेशनल वेल्थ प्रमुख संदीप बात्रा ने कहा, हम फुटबॉल की दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित टीमों में से एक के साथ जुड़ रहे हैं, इसलिए हम प्रशंसकों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करने और विश्व कप 2026 की ओर अर्जेंटीना टीम के अभियान में उनका समर्थन करने के लिए तत्पर हैं।
अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष क्लाउडियो फेबियन तापिया ने कहा, एएफए के अंतरराष्ट्रीय विस्तार के लिए एक नई उपलब्धि है। यह समझौता हमारी टीम के लिए महत्वपूर्ण है और हम 2025 और 2026 में प्रगति करते हुए अपने समझौते को मजबूत करने की आशा करते हैं।