पुणे को लगातार हमले करने का फल 20वें मिनट मिला और मार्सेलिन्हो ने आशिक कुरुनियन की मदद से गोल करते हुए उसे 1-0 से आगे कर दिया। आशिक के पास पर मार्सेलिन्हो ने जो पहला प्रयास किया था वह अनस इदाथोदिका द्वारा रोक दिया गया था लेकिन मार्सेलिन्हो ने डिफलेक्ट हुई गेंद को गोल में डालकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच गेंद पर कब्जा बनाए रखने के लिए संघर्ष चलता रहा। 39वें मिनट में संदेश झिंगन ने सिमिलेन डोंगेल के लिए अच्छा मूव बनाया लेकिन वह असफल रहे। मेजबान टीम ने 46वें मिनट में पहला बदलाव करते हुए डोंगेल को बाहर किया और स्टार स्ट्राइकर सीके विनीत को अंदर किया। इसी मिनट में हालीचरण नारजारे ने केरल के लिए अच्छा मूव बनाते हुए स्टोजानोविक को बॉक्स के अंदर एक अच्छा लो-क्रास पास दिया लेकिन वह इसे बाहर कर बैठे।
50वें मिनट में पुणे के साहिल पवार को पीला कार्ड मिला। पुणे ने 52वें मिनट में पहला बदलाव करते हुए मार्सेलिन्हो को बाहर किया और मार्को स्टैनकोविक अंदर लाए गए। आते ही स्टैनकोविक को 54वें मिनट में पीला कार्ड मिला। 58वें मिनट में केरल के स्टोजानोविक को पीला कार्ड दिखाया गया। 65वें मिनट में केरल के लिए जाकीर मुंडामपारा ने कार्नर लिया और समद ने उसे हेडर के जरिए पोस्ट में डालना चाहा लेकिन वह चूक गए। 68वें मिनट में पुणे ने चोटिल आशिक को बाहर कर निखिल पुजारी को अंदर किया।
पुणे के लिए स्टैनकोविक 71वें मिनट में गोल करने के करीब थे लेकिन बॉक्स के अंदर से किए गए उनके प्रयास को धीरज ने नाकाम कर दिया। सिरिल काली की गलती के कारण स्टैनकोविक को गेंद मिली थी। उनकी यह गलती केरल को भारी पड़ सकती थी। केरल की टीम बराबरी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। 76वें मिनट में सहल को बॉक्स के अंदर प्रशांत ने एक अच्छा पास दिया लेकिन मैट मिल्स ने गोल के सामने सहल के शॉट को रोक दिया।
84वें मिनट में इयान ह्यूम और स्टैनकोविक ने अच्छा मूव बनाया लेकिन लेकिक पेसिक के बीच में आने के कारण वे सफल नहीं हो सके। बराबरी को आतुर केरल ने इंजुरी टाइम में अच्छा मूव बनाया लेकिन पुणे के गोलकीपर कमलजीत ने झिंगन के हेडर को पोस्ट तक नहीं पहुंचने दिया। इनपुट-भाषा